Weather Forecast Today Updates: तमिलनाडु के पहाड़ी जिले नीलगिरी में भारी बारिश और उससे जनित घटनाओं के चलते 5 लोगों की मौत हो गई है। यहां एक दिन में 911mm बारिश दर्ज की गई है, जो कि दक्षिण भारत में एक दिन में होने वाली सबसे ज्यादा बारिश है। नीलगिरी और उसके आसपास के इलाकों में बाढ़ के हालात हैं। राजमार्गों पर पेड़ों के गिरने के चलते वहां वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।

दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में आज बादल छाए हैं। जिससे मौसम खुशनुमा हो रहा है। लोगों को इससे गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 13 अगस्त से दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि फिलहाल दिल्ली में बारिश की संभावना नहीं है।

वहीं बाढ़ के चलते देश के कई राज्यों में हालात काफी चिंताजनक हैं। महाराष्ट्र, केरल में भारी बारिश हो रही है। जिसके चलते कई जगहों पर लैंड स्लाइड और तेज हवाएं चल रही हैं। कर्नाटक में बारिश के चलते 9 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में बाढ़ से 237 गांव और 32 तालुका प्रभावित हुई हैं। राज्य की नदियां खतरे से निशान से ऊपर बह रही हैं।

Live Blog

Highlights

    15:32 (IST)09 Aug 2019
    महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में एनडीआरएफ की टीमें भेजी गई

    एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान का कहना है कि महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में अधिक से अधिक टीमें भेजी गई हैं। महाराष्ट्र के सांगली और कोल्हापुर जिले भी बाढ़ से बुरी तरह ग्रस्त हैं।

    13:54 (IST)09 Aug 2019
    बेंगलुरू-कोच्चि फ्लाइट कैंसिल

    कोच्चि एयरपोर्ट पर पानी भरने के चलते बेंगलुरू और कोच्चि के बीच चलने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई है। बता दें कि भारी बारिश के कारण कोच्चि एयरपोर्ट पर पानी भर गया है, जिसके चलते एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं रविवार तक के लिए बंद कर दी गई हैं।

    12:40 (IST)09 Aug 2019
    पश्चिमी महाराष्ट्र से 2 लाख लोग सुरक्षित जगहों पर भेजे गए

    पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ के चलते 2 लाख से ज्यादा लोग निकाले गए हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में सांगली और कोल्हापुर शामिल हैं। वहीं बारिश और बाढ़ के चलते महाराष्ट्र के प्रभावित पांच जिलों में 27 लोगों की मौत हो चुकी है।

    11:41 (IST)09 Aug 2019
    मध्य भारत में बारिश के आसार

    स्काइमेट की एक रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में मध्य भारत में अच्छी बारिश के आसार हैं। रिपोर्ट के अनुसार, डिप्रेशन जो कि अभी छत्तीसगढ़ और उसके आसपास के इलाकों में है, वह अब मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात की तरफ बढ़ रही है, जिसके चलते आने वाले दिनों में इन राज्यों में अच्छी बारिश की संभावना है।

    10:48 (IST)09 Aug 2019
    छत्तीसगढ़ के भोजपुर में बचाए गए 15 लोग

    छत्तीसगढ़ के भोजपुर जिले में राहत एवं बचाव दल ने 15 लोगों को बचाया है। दरअसल ये लोग दंतेवाड़ा में बारसूर गांव से मांगनर गांव जा रहे थे। इसी दौरान ये लोग बाढ़ में फंस गए। जिसके बाद राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर इन सभी लोगों को सुरक्षित निकाला।

    10:28 (IST)09 Aug 2019
    कर्नाटक में मैसूर और मादिकेरी के बीच रास्ता बंद

    कर्नाटक राज्य रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने आज अपने एक बयान में कहा है कि भारी बारिश और लैंड स्लाइड के चलते मैसूर से मादिकेरी और मैसूर से एचडी कोटे रोड को बंद रखने का फैसला किया है।

    09:30 (IST)09 Aug 2019
    महाराष्ट्र में राहत बचाव कार्य जारी

    महाराष्ट्र में भारी बारिश के चलते कई इलाके पानी में डूब गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। बचाव दल प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने में जुटे हैं।

    08:47 (IST)09 Aug 2019
    केरल में भारी बारिश, कई इलाकों में लैंडस्लाइड

    केरल में भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। कई इलाकों में बारिश के चलते लैंडस्लाइड की घटनाएं हुई हैं। 

    08:18 (IST)09 Aug 2019
    इन राज्यों में हो सकती है आज बारिश

    राजस्थान के कई इलाकों में अगले 48 घंटों में बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में आए डिप्रेशन की वजह से राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।