Weather forecast : हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप शनिवार को भी जारी है। राज्य के कई पर्यटन स्थलों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पर्यटन स्थल मनाली, डलहौजी, केलांग और कल्पा में तापमान शून्य डिग्री से नीचे पहुंच गया।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और दिन में धूप खिली रहने की संभावना है।अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।विभाग ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में दृश्यता का स्तर 100 मीटर तक दर्ज किया गया।मौसम विशेषज्ञों ने पूर्वानुमान लगाया है कि आठ जनवरी तक शीत लहर नहीं चलेगी।उन्होंने कहा कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से छह जनवरी से आठ जनवरी के बीच में दिल्ली में कभी भी बारिश हो सकती है। बारिश से प्रदूषण स्तर में भी कमी आएगी। वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजे 300 दर्ज की गई जो कि बेहद खराब श्रेणी में है।
Highlights
ताजा पश्चिमी विक्षोभ की वजह से छह जनवरी से आठ जनवरी के बीच में दिल्ली में कभी भी बारिश हो सकती है। बारिश से प्रदूषण स्तर में भी कमी आएगी। वायु गुणवत्ता सुबह नौ बजे 300 दर्ज की गई जो कि बेहद खराब श्रेणी में है।
शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि आदिवासी बहुल जिला किन्नौर के कल्पा में हल्की बर्फबारी (0.2 सेमी) हुई, जबकि भुंतार (7.8 मिमी), शिवबाग (6.2 मिमी) और मनाली (1 मिमी) सहित राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।
श्रीनगर में शुक्रवार रात में तापमान शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस तापमान नीचे दर्ज किया गया, जो कि बृहस्पतिवार रात में शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमार्ग के स्की रिसॉर्ट में तापमान रात में शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि पिछली रात से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। पहलगाम क्षेत्र में शुक्रवार रात में तापमान शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
पठानकोट, गुरदासपुर, बठिंडा, हलवारा और आदमपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.8, 5.5, 4.8, 4.7 और 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के करनाल और अंबाला में न्यूनतम तापमान क्रमश:6.8 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस बारिश से खुले में खरीफ की अपनी फसल रखने वाले किसान भी प्रभावित हुए हैं। छत्तीसगढ़ आमतौर पर अधिक गर्मी के लिए जाना जाता है लेकिन इस बार ठंड में लोगों को यहां काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है, जिससे अनेक जिलों में इस रविवार तक स्कूलों में छुट्टी दे दी गई है। वहीं बेमौसम बारिश के कारण खुले में रखा धान भी भीग गया है।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार की सुबह कोहरा छाया रहा। पश्चिम विक्षोभ जम्मू-कश्मीर, लद्दाख तक पहुंचा है। इसस पहले यह विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान तक था। अब जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख में बारिश होने की संभावना है। पंजाब के उत्तरी जिलों में भी हल्की गर्जना के साथ बरसात हो सकती है। उत्तर भारत के मैदानी इलाको में मौसम के साफ और शुष्क रहने की संभावना है।
उत्तर भारत में बीते कुछ दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है, जिससे काफी समय से ठंड का प्रकोप झेल रहे लोगों को राहत मिली है। दिन के तापमान में शुक्रवार को थोड़ी सी और वृद्धि हुई। वहीं, ओडिशा के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के लिए सामान्य है।
उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में शुक्रवार सुबह बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को 13 . 6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बताया कि लखनऊ का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस था और अधिकतम तापमान 20 . 2 डिग्री सेल्सियस था। विभाग ने बताया कि सात डिग्री सेल्सियस के साथ बस्ती सबसे ठंडा जिला जबकि मेरठ में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आज हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के मैदानी इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी जिससे शीतलहर की स्थिति में सुधार होगी।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को धुंध का कहर जारी है। कोहरे की वजह से यहां विजिब्लिटी काफी कम हो गई है। हालांकि लोगों को यहां ठंड से थोड़ी राहत तो मिली है। लेकिन पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी अभी भी जारी है।
मौसम विभाग ने दिन में आकाश साफ रहने और शनिवार सुबह को मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना जाहिर की है।शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है। वहीं शनिवार सुबह तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहेगा।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में 15 घंटे से भी कम समय में दूसरी बार शुक्रवार को भूकंप का झटका महसूस किया गया।शिमला मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि सुबह 10.46 बजे 3.4 तीव्रता का भूकंप आया। उन्होंने बताया कि भूकंप का केंद्र लाहौल और स्पीति के उत्तर-पूर्व में पांच किलोमीटर की गहराई में था। आसपास के क्षेत्रों में हल्के झटके भी महसूस किए गए।गुरुवार को शाम 7.38 बजे लाहौल-स्पीति में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर के मैदानी इलाकों में गुरुवार को पूर्वी हवाओं के जोर पकड़ने के कारण कड़ाके की ठंड से राहत मिली है। मौसम विभाग की पूर्वानुमान इकाई के अनुसार उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के अधिकांश इलाकों तथा हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।
नोएडा में फिलहाल धूप खिली हुई है। जिसके चलते शहर के तापमान में इजाफा देखा गया है। फिलहाल नोएडा का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। अगले दो दिनों तक शहरवासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार हैं और अगले हफ्ते से फिर ठंड अपना असर दिखा सकती है।
दिल्ली में आज धूप खिली हुई है, इसके अलावा शीत लहर से भी राहत मिली है। इसके चलते दिल्ली का तापमान फिलहाल 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
आईएमडी ने कहा, "आगामी दो दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और उत्तर पूर्व भारत में निचले-स्तर की पूर्वी वायु के दबाव के प्रभाव और मध्य व ऊच्च पश्चिमी विक्षोभ के मिलने से गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।" केंद्र सरकार की संस्था, सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग (सफर) के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शुक्रवार सुबह 393 दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में शुक्रवार सुबह कोहरे के कारण दृश्यता 200 मीटर तक दर्ज की गई। वहीं वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 के करीब 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, क्षेत्र में शनिवार को घना कोहरा छाने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली के पालम क्षेत्र में सुबह 5.30 बजे दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, दिन के दौरान शहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में हल्की बारिश के कारण ठिठुरन भरी सर्दी का दौर बरकरार है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जनवरी मे भी दिल्ली में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी और पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते दिल्ली एनसीआर में ठंड का प्रभाव फिर से बढ़ेगा।
उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे की वजह से दिल्ली आनेवालीं 19 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे के मुताबिक भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अपने तय समय से 7 घंटे की देरी से चल रही है, वहीं नांदेड़-अमृतसर सचखंड एक्सप्रेस 6 घंटे की देरी से चल रही है। जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हैदराबाद-नई दिल्ली तेलंगाना एक्सप्रेस और लोक मान्या तिलक-हरिद्वार एक्सप्रेस, ये सभी ट्रेनें अपने तय समय से पांच घंटे देर रही। वहीं कटरा-मंगलौर नवयुग एक्सप्रेस 3.30 घंटे देर रही, इसके बाद हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस भी तीन घंटे की देरी से चल रही थी। गुरुवार को भी दिल्ली आने वालीं करीब 21 ट्रेनें देरी से चलीं थी।
हिमाचल प्रदेश में आज मौसम विभाग ने मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 से 4 जनवरी तक राज्य में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। इससे तापमान में गिरावट आने का अनुमान जताया गया है। बीते 24 घंटे में पारा सामान्य से एक से दो डिग्री गिर गया है। राज्य का केलांग इलाका सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। केलांग में तापमान माइनस 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में पारा सामान्य से एक से दो डिग्री गिर गया है। राज्य का केलांग इलाका सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। केलांग में तापमान माइनस 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
इस बार जनवरी में ठंड कई रिकॉर्ड तोड़ेगी। हिमालयी इलाकों में एक के बाद एक कई वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होगी और इसका असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़ने वाली ठंड पर दिखाई देगा।
मौसम विज्ञानियों ने कहा कि अगले दो दिनों में ओडिशा के आंतरिक और तटीय क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। उत्तर प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी आज बारिश के आसार हैं। वहीं 7 जनवरी से देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है, जिससे ठंड फिर से बढ़ सकती है।
पंजाब और हरियाणा में लोगों को ठंड से बृहस्पतिवार को भी राहत नहीं मिली और यहां शीतलहर का कहर बरकरार है। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है। दोनों ही राज्यों में कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान इस मौसम के सामान्य तापमान से कई डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। कुछ स्थानों पर कोहरा भी छाया रहा।
राजस्थान में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। वनस्थली न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा उसके बाद फतेहपुर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के लोगों को बृहस्पतिवार को तापमान बढ़ने से ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को मेरठ और बहराइच का न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.7 डिग्री सेल्सियस और 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बुधवार से अधिक था। राज्य की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के पूर्वी जिलों में गरज के साथ हल्की बारिश का अनुमान जताया है।
मौसमविज्ञानियों ने कहा कि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़कर सात डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि शहर में प्रदूषण स्तर जस का तस बना हुआ है। बृहस्पतिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता 417 मापी गई जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आती है।
हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का दौर खत्म होने के बाद छह से आठ जनवरी तक एक बार फिर तापमान में गिरावट के कारण सर्दी बढ़ने की संभावना है। सात जनवरी को जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तर के मैदानी इलाकों में मौसम की स्थिति यथावत रहने का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुये बताया कि चार और पांच जनवरी को दिल्ली और आसपास के इलाकों में सुबह घना कोहरा रहने का अनुमान है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान सफदरजंग में 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, पंजाब में अमृतसर और राजस्थान में कोटा और जैसलमेर, हरियाणा में रोहतक, उत्तर प्रदेश में झांसी तथा बिहार में पटना, गया और भागलपुर को छोड़कर अन्य प्रमुख शहरों में दिन के तापमान में इजाफा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर के मैदानी इलाकों में पिछले 24 घंटों में औसत तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। पिछले तीन दिन से यह 10 से 12 डिग्री सेल्सियस पर बरकरार था, गुरुवार को यह 20 से 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। विभाग ने इसके आधार पर उत्तरी राज्यों में शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति अब नहीं होने की जानकारी दी है।