Weather forecast: राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में पाली, धौलपुर व अजमेर में भारी बारिश हुई है। राजधानी दिल्ली में शनिवार को भी कई जगह हल्की-हल्की बारिश हो रही है। कई इलाके ऐसे थे जहां पर सुबह-सुबह ही बादल बरस रहे थे। वहीं कल यानि की रविवार को भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई जा रही है।

पंजाब में अगले 48 से 72 घंटों मे भारी बारिश होने के मौसम विभाग के पुर्वानूमान को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अलर्ट जारी किया है। एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य में सभी उपायुक्तों को स्थिति पर करीबी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। मुख्यमंत्री ने भारी बारिश से पैदा हुई किसी भी स्थिति में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि सिंह स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए हैं।

इसके अलावा मौसम विभाग ने सप्ताह के आखिर तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों के लिए भीषण वर्षा वाले मौसम का रेड अलर्ट और पूरे राज्य के लिए ‘नारंगी चेतावनी’ जारी की है। विभाग ने पूरे राज्य के लिए नारंगी चेतावनी जारी की जबकि उना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी जिलों में 17 अगस्त तथा कांगड़ा, शिमला, सोलान और मंडी जिलों में 18 अगस्त के लिए लाल चेतावनी जारी की। मौसम विभाग ने यह चेतावनी इसलिए जारी की है ताकि लोग भयंकर या खतरनाक मौसम से पहले सतर्क हो जाएं क्योंकि ऐसे मौसम से भारी नुकसान, व्यवधान और जान को खतरे की आशंका होती है।।

Live Blog

Highlights

    21:41 (IST)17 Aug 2019
    उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश, दिल्ली में यमुना चेतावनी के स्तर के करीब

    उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पंजाब में भाखड़ा बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के चलते चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में शनिवार को यमुना नदी का जलस्तर चेतावनी के स्तर के करीब पहुंच गया। वहीं बाढ़ग्रस्त केरल में हालात सामान्य हो रहे हैं। वहीं जम्मू क्षेत्र के कई इलाकों में भारी बारिश हुई है जिसके चलते तावी नदी समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।

    20:41 (IST)17 Aug 2019
    कुल्लू स्थित भुंतर इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुसा

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित भुंतर इलाके में भारी बारिश के बाद बाढ़ का पानी घरों में घुस चुका है। इसके चलते इलाके के लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा रहा है।


    19:59 (IST)17 Aug 2019
    रविवार को इन राज्यों में बारिश का अनुमान

    बिहार और झारखंड में कई स्थानों पर अगले एक-दो दिन बारिश की गतिविधियां रफ्तार पकड़ सकती है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी साझा की है। वेबसाइट के मुताबिक बिहार और झारखंड के अलावा तेलंगाना, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश उत्तराखंड, पूर्वी पंजाब और पूर्वी हरियाणा में रविवार को बारिश का अनुमान है।

    19:23 (IST)17 Aug 2019
    मप्र: अगले 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में बारिश की संभावना

    मध्य प्रदेश में पिछले तीन दिन में कई स्थानों पर हुई मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं अतिरिक्त पानी की निकासी करने से कुछ स्थानों पर बाढ़ के हालात बने हुए हैं। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान, सतना, ग्वालियर, दमोह जैसे पूर्वी इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी।

    18:26 (IST)17 Aug 2019
    पहाड़ी इलाकों में ऐसा रहा बारिश का हाल

    हिमचाल और उत्तराखंड के पहाड़ी इकालों में जमकर बारिश हुई। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट के मुताहबिक धर्मशाला में 116 मिमी बारिश, जोशीमठ में 95 मिमी बारिश, चंबा में 65 मिमी, शिमला में 40 मिमी, मसूरी में 31 मिमी, कटरा में 34 मिमी और जम्मू में 28 मिमी बारिश हुई है।

    16:53 (IST)17 Aug 2019
    राजस्थान में बारिश

    राजस्थान में लगातार बारिश हो रही है। शनिवार सुबह कुछ जगहों पर चार से पांच इंच की बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में पाली, धौलपुर व अजमेर में भारी बारिश हुई है। अजमेर जिले में पिछले तीन दिन से जारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

    15:55 (IST)17 Aug 2019
    राजधानी में बारिश, रविवार को भी बरसेंगे बादल

    राजधानी दिल्ली में आज भी कई जगह हल्की-हल्की बारिश हो रही है। कई इलाके ऐसे थे जहां पर सुबह-सुबह ही बादल बरस रहे थे। वहीं कल यानि की रविवार को भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट के मुताबिक रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। वेबसाइट के मुताबिक बारिश से दिल्ली का पारा लगातार गिर रहा है।

    15:20 (IST)17 Aug 2019
    हिमाचल प्रदेश बारिश का कहर

    पालमपुर के पास बाढ़ के कारण फंसे छह लोगों को बचा लिया गया जबकि कांगड़ा तथा चम्बा जिलों में भूस्खलन के बाद कई सड़कें अब भी बंद हैं। कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण सभी शिक्षण संस्थान शनिवार को बंद कर दिए गए। कांगड़ा के उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि जिले के कई हिस्सों में शुक्रवार की शाम से लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर शनिवार सुबह यह निर्देश जारी किए। प्रजापति ने कहा, ‘‘ जिले में लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए आज (शनिवार को) स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहने की घोषणा की जाती है।’’

    13:45 (IST)17 Aug 2019
    राजस्थान के मौसम का हाल जानिए

    राजस्थान में पिछले कई दिनों से जारी भारी बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं बाढ़ प्रभावित कोटा व आसपास के इलाकों में हालात धीरे धीरे सामान्य हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के माउंट आबू में शुक्रवार से शनिवार सुबह तक 137 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जबकि अजमेर में इसी दौरान 104.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसी तरह जोधपुर, बीकानेर, वनस्थली, भीलवाड़ा व सीकर में इसी दौरान क्रमश: 88.2 मिमी, 79 मिमी, 42.1 मिमी,41 मिमी और 37.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी है। अधिकारियों का कहना है कि बाढ़ प्रभावित कोटा में हालात धीरे- धीरे सामान्य हो रहे हैं जहां सेना की मदद से बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।

    13:15 (IST)17 Aug 2019
    आज कैसा रहेगा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का मौसम, जानिए

    मौसम अधिकारी ने शनिवार को आसमान में बादल छाये रहने, हल्की से भारी वर्षा होने तथा गरज के साथ बौछारे पड़ने एवं तेज हवा चलने की संभावना जतायी है। शनिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश 30 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आर्द्रता 62 से लेकर 100 प्रतिशत के बीच रही थी।

    11:41 (IST)17 Aug 2019
    राजस्थान में भी रेड अलर्ट जारी

    मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में जोधपुर, नागौर और पाली के लिए अगले 24 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि सेना को चौकस रहने को कहा गया है क्योंकि कोटा, बारन, भीलवाड़ा, झालावाड और बूंदी जिलों में बृहस्पतिवार से 160 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गयी है। जिला आपदा, सहयोग और नागरिक सुरक्षा विभाग के सचिव आशुतोष ए टी पेढेणकर ने पीटीआई भाषा को बताया कि तीन जिलों में वर्षा जनित घटनाओं में पांच लोगों की जान चली गयी।

    11:08 (IST)17 Aug 2019
    आंध्रप्रदेश के मौसम का हाल भी जानिए

    आंध्रप्रदेश में गुंटूर और कृष्णा जिलों में 4,000 से अधिक लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया। राज्य में कृष्णा नदी उफान पर है जिससे बाढ़ आ गयी है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाढ़ प्रभावित पश्चिमी महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में मौसम में सुधार हुआ जिससे प्रशासन ने बचाव एवं राहत कार्य तेज कर दिया। केरल में वर्षाजनित घटनाओं में अब तक 111 लोगों, मध्यप्रदेश में 70, महाराष्ट्र में 54, राजस्थान में पांच लोगों और आंध्रप्रदेश में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

    10:07 (IST)17 Aug 2019
    बाढ़ प्रभावित केरल में मृतकों की संख्या फिर बढ़ी

    केरल में सात और शव मिलने तथा राजस्थान में पांच व्यक्तियों की जान जाने के साथ ही पांच बाढ़ प्रभावित राज्यों में मरने वालों की संख्या शुक्रवार को बढ़कर 241 हो गयी। वैसे बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित केरल के कई हिस्सों में पानी घटने लगा है।

    09:12 (IST)17 Aug 2019
    हिमाचल प्रदेश के मौसम का हाल

    शिमला मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य में 17 और 18 अगस्त को ज्यादातर स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। उन्होंने कहा कि शनिवार और रविवार को 64.5 मिलीमीटर से लेकर 115.5 मिलीमीटर वर्षा कुछ स्थानों पर हो सकती है जबकि कुछ अन्य स्थानों पर 115.5 मिलीमीटर या उससे अधिक की भीषण वर्षा होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि 17 और 18 अगस्त को मध्यम से भारी वर्षा के चलते खासकर चांबा, कुल्लू, लाहौल स्पीति, कांगड़ा, मंडी और शिमला जिलों में रास्ते बाधित हो सकते हैं। 19 अगस्त से वर्षा में काफी कमी आएगी।

    08:14 (IST)17 Aug 2019
    जानिए क्या है रेड अलर्ट का मतलब

    जब रेड अलर्ट जारी किया जाता है तो लोगों से उन क्षेत्रों से दूर रहने को कहा जाता है जहां खतरा मंडराता है। उनसे आपात सेवाओं और स्थानीय प्रशासन की सलाह मानने की भी अपील की जाती है।