दिल्ली के लोगों को गर्मी से जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में 22 से 23 जून के बीच मानसून अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकता है। जिसके बाद पूरे उत्तर भारत में मानसून के चलते बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार तीन-चार दिन पहले ही मानसून राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाएगा।

आमतौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है। क्षेत्रीय अनुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिम बंगाल और इसके आसपास मंडरा रहा एक चक्रवाती परिसंचरण 19 और 20 जून को दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इससे मानसून को 22 और 23 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी हरियाणा की ओर से बढ़ने में मदद मिलेगी। इसका मतलब यह है कि इस बार मानसून चार दिन पहले यानि 22-23 जून को दिल्ली पहुंच जाएगा।

उत्तर भारत में इस समय कोई एक्टिव मौसमी सिस्टम नहीं है। जिसकी वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सभी भागों में ज्यादार जगहों पर पिछले दो-तीन दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ था। मगर उत्तराखंड में बारिश हो रही है। इसी तरह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सभी जगहों पर मौसम साफ और शुष्क रहेगा। तापमान बढ़ेगा और पिछले चौबीस घटों में राजस्थान में लू का प्रकोप भी देखने को मिला है। हरियाणा और पंजाब में ऐसी ही स्थितियां बन रही हैं। हालांकि 19 जून की शाम से स्थितियां बदल सकती हैं।

Coronavirus in India Live Updates

उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह पहले मानसून जिस तेजी से आगे बढ़ रहा था अब इसकी गति रुक गई है। दरअसल जो सिस्टम मानसून को आगे ले जा रहा था वो धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी की तरफ जा रहा है। हालांकि उम्मीद है कि ये सिस्टम फिर से सक्रिय होगा और उसके बाद वापस ओडिशा, छत्तीसगढ़ होते हुए मध्य प्रदेश की तरफ आगे बढ़ेगा। मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक इससे मानसून एक बार फिर आगे बढ़ेगा। मगर ये संभावना बीस जून के बाद की बन रही है।

इधर छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार बन रहे हैं। मराष्ट्र में विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र के सभी क्षेत्रों में बारिश में काफी कमी आ चुकी है। अगले दो दिनों में भी इन क्षेत्रों भारी बारिश की संभावना नहीं है। गुजरात में बारिश लगातार कम होती जा रही है और पिछले दो-तीन दिनों में इसमें और कमी आएगी।

Live Blog

17:46 (IST)18 Jun 2020
पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत में बन रही बारिश की गतिविधियां

इस समय बारिश की गतिविधियां पूर्वोत्तर भारत और पूर्वी भारत के राज्यों में बन रही हैं। आज मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि सबसे अधिक बारिश सिक्किम और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और इससे सटे उत्तर पूर्वी बिहार के भागों में होगी। बिहार के बाकी हिस्सों, झारखंड गंगीय पश्चिम बंगाल में बारिश की तीव्रता कम रहेगी। इन भागों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। भारी बारिश के आसार नहीं हैं।

15:33 (IST)18 Jun 2020
वीडियो के जरिए जानिए देश में कैसा रहेगा मानसून

15:13 (IST)18 Jun 2020
अगले 24 घंटे में बंगाल का मौसम

दार्जिलिंग में शुक्रवार को भारी बारिश के आसार हैं। उत्तर बंगाल के शेष हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। वहीं दक्षिण बंगाल में अगले रविवार तक छिटपुट व भारी बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों में उत्तर और दक्षिण 24 परगना और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

14:15 (IST)18 Jun 2020
राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी

राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी के चलते रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। बीते बुधवार को राजस्थान के बीकानेर में तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। जिसके बाद मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी के चलते रिजल्ट जारी कर दिया है। आने वाले दिनों गर्मी और भी बढ़ सकती है।

13:34 (IST)18 Jun 2020
यूपी के कई जिलों में झमाझम बारिश

पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के गोरखपुर, फैजाबाद तथा इलाहाबाद मंडलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। वाराणसी, फैजाबाद तथा इलाहाबाद मंडलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। इस अवधि में झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

13:08 (IST)18 Jun 2020
बिहार में होगी भारी बारिश

बिहार के उत्तर पूर्वी और उत्तर पश्चिमी भाग में दो दिन भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के साथ ही राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है।

12:48 (IST)18 Jun 2020
पूर्वी यूपी में मानसून सक्रिय मगर पश्चिमी भागों में अभी इंतजार

मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। हालांकि पश्चिमी भागों में इसने अभी रफ्तार नहीं पकड़ी है। राज्य के पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा भी हुई। इस दौरान बस्ती में सबसे ज्यादा 33 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा हरैया में 12, बांसी में 9, तरबगंज तथा सिराथू में आठ-आठ, अयोध्या, अकबरपुर, चंद्रदीप घाट, गोंडा और भिनगा में सात-सात, बहराइच और इलाहाबाद में छह-छह तथा वाराणसी और बीकापुर में पांच-पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

12:01 (IST)18 Jun 2020
यूपी में अब 19 और 20 जून को हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अनेक स्थानों पर जबकि पश्चिमी भागों में कुछ जगहों पर बारिश होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ गरज-चमक की स्थितियां बन सकती हैं। उसके बाद मानसून और जोर पकड़ेगा। आगामी 19 और 20 जून को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इस बीच, बिहार के कुछ हिस्सों में भी बुधवार को बारिश हुई।

11:52 (IST)18 Jun 2020
पंजाब में भी लू चलने की आशंका

मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा और पंजाब में 19-21 जून के बीच कुछ स्थानों पर आंधी, वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है। पंजाब में अगले दो दिनों में कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है।

11:31 (IST)18 Jun 2020
राजस्थान के इन जिलों में लू जारी रहने की संभावना

मौसम विभाग ने ''रेड अलर्ट'' जारी कर कहा है कि बीकानेर, बाड़मेर, हनुमानगढ़, गंगानगर, जैसलमेर, चुरू व नागौर जिले में भीषण गर्म लहर या लू चलने की संभावना है। राज्य के जोधपुर,जालौर, पाली, पिलानी, कोटा, झुंझुनू जिले भी गर्म हवाओं की चपेट में रहेंगे वहीं झालावाड़, भीलवाड़ा, उदयपुर व सिरोही जिले में मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलेंगी।

10:59 (IST)18 Jun 2020
दिल्ली में दो दिन तक मौसम रहेगा शुष्क, राजस्थान में पारा चढ़ा

मौसम विभाग ने इस साल उत्तर पश्चिमी भारत में सामान्य बारिश (103 प्रतिशत) होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक 18 और 19 जून तक दिल्ली का मौसम शुष्क रहेगा। राजस्थान के ज्यादातर इलाके लू की चपेट में है जहां बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान बीकानेर में 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ''रेड अलर्ट'' जारी कर राज्य के कई इलाकों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है।

10:39 (IST)18 Jun 2020
तीन-चार दिन पहले ही दिल्ली में पहुंच जाएगा मानसून

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को दिल्लीवासियों को खुशखबरी सुनाते हुए कहा कि इस बार तीन-चार दिन पहले ही मानसून राष्ट्रीय राजधानी पहुंच जाएगा। आमतौर पर मानसून 27 जून को दिल्ली पहुंचता है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय अनुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिम बंगाल और इसके आसपास मंडरा रहा एक चक्रवाती परिसंचरण 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा, 'इससे मानसून को 22 और 23 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और पूर्वी हरियाणा की ओर से बढ़ने में मदद मिलेगी।' उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि इस बार मानसून चार दिन पहले यानि 22-23 जून को दिल्ली पहुंच जाएगा।

09:51 (IST)18 Jun 2020
वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल