Weather forecast Today Updates: उत्तर भारत में दो दिनों की बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम कुछ समय के लिए शांत हो गया है। अभी केरल के पास अरब सागर में एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इससे तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश के दक्षिणी भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। आंध्र प्रदेश के बाकी हिस्सों, तेलंगाना और कर्नाटक में आंशिक बादल छा सकते हैं। उत्तरी तेलंगाना में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत में एक सर्कुलेशन असम के पास बना हुआ है। इसके चलते सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के निचले भागों में बारिश होने की संभावना है।

मौसम से जुड़ी जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मध्य भारत में ओडिशा से मराठावाड़ा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके चलते दक्षिणी मध्य प्रदेश, विदर्भ और उत्तरी महाराष्ट्र व मराठावाड़ा के उत्तरी भागों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मुंबई और सूरत से लेकर मध्य भारत के बाकी सभी भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि इन क्षेत्रों में ठंडी उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली-एनसीआर में पहली बार घना कोहरा आज यानी 16 दिसंबर को छाए रहने की संभावना है। क्योंकि इसके लिए मौसम पूरी तरह अनुकून बन गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित अमृतसर, चंडीगढ़, करनाल, मेरठ और लखनऊ में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक जा सकती है।।

Live Blog

Highlights

    21:07 (IST)16 Dec 2019
    बारिश के आसार

    उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 दिसंबर को 2500 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।

    19:41 (IST)16 Dec 2019
    बारिश के चलते लुढ़का पारा

    क्षेत्र में हुई बारिश और पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से सर्दी में इजाफा हो गया है। सोमवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम  विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 

    18:32 (IST)16 Dec 2019
    उत्तर भारत में बढ़ी ठंड

    जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में सर्दी बढ़ गई है। वहीं  दिल्ली एनसीआर में बारिश और सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई है।

    17:44 (IST)16 Dec 2019
    पिछले 22 सालों में सबसे ज्यादा ठंड

    दिल्ली में दिसंबर के शुरुआती दिनों में पिछले 22 सालों में सबसे ज्यादा ठंडे दिन देखने को मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक दिसंबर से 15 दिसंबर के बीच शहर का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसका औसत निकाले तो यह 19.8 डिग्री सेल्सियस होता है। खास बात है कि पिछले 22 सालों में ऐसा पहली बार है जब दिसंबर के शुरुआती 15 दिनों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भी नहीं पहुंच सका।

    16:28 (IST)16 Dec 2019
    राजस्थान का अजमेर शहर रहा सबसे ठंडा स्थान

    स्काईमेट वेदर  की रिपोर्ट के मुताबिक रविवार को देश के मैदानी भागों में सबसे ठंडा स्थान रहा राजस्थान का अजमेर शहर। जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टॉप टेन की सूची में राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहर शामिल हैं।

    15:29 (IST)16 Dec 2019
    कश्मीर के मौसम का हाल जानिए

    जम्मू कश्मीर और लद्दाख भीषण सर्दी की चपेट में हैं। हिमपात की वजह से श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकतर हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट देखी गई। जम्मू शहर में 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही।

    14:49 (IST)16 Dec 2019
    21 और 22 दिसंबर को हो सकती है बर्फबारी

    बर्फबारी और बारिश के बाद गिरे तापमान और शीतलहर के कारण कंपकंपी का एहसास हो रहा है। उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 21 और 22 दिसंबर को 2500 फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश की संभावना जताई है।

    13:43 (IST)16 Dec 2019
    वीडियो के जरिए जानिए, आज किन दस क्षेत्रों में होगी सबसे ज्यादा बारिश

    12:53 (IST)16 Dec 2019
    गोरखपुर के मौसम का हाल जानिए

    गोरखपुर में बारिश के बाद खिलखिलाती धूप से लोगों को ठिठुरन से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अभी तापमान में और गिरावट आएगी। दोपहर तक चलने वाली पुरवा हवाएं कोहरे की वजह बनेंगी और दोपहर बाद चलने वाली पछुआ हवाएं शहर सहित समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश का पारा गिराएंगी।

    12:08 (IST)16 Dec 2019
    पंजाब और हरियाणा के मौसम का हाल जानिए

    पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहाँ बताया कि दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला, करनाल, सिरसा, हिसार और रोहतक में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब दर्ज किया गया। पंजाब के लुधियाना, पटियाला, हलवारा और गुरदासपुर में रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। अमृतसर, पठानकोट, बठिंडा, और आदमपुर में पारा सामान्य के करीब दर्ज किया गया।

    11:21 (IST)16 Dec 2019
    लखनऊ के मौसम का हाल जानिए

    देशभर में मौसम के बदले तापमान के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के शहर का तापमान आज न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस तक रहा जबकि अधिक तापमान 22.4 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इसी के साथ शहर में सोमवार को सूर्यास्त शाम 5:16 बजे हो जाएगा जबकि मंगलवार सुबहर 6:48 बजे सूर्योदय होगा।

    11:04 (IST)16 Dec 2019
    पटना के मौसम का हाल जानिए

    मौसम विभाग के मुताबिक अलगे 48 घंटों में पटना में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। शहर में सोमवार यानी आज करीब पूरा दिन बादल छाए रहेंगे। इस बीच सुबह-शाम को कोहरा देखने को भी मिलेगा। राजधानी पटना के अलावा बिहार के भी विभिन्न हिस्सों में बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है।

    10:45 (IST)16 Dec 2019
    उत्तराखंड के मौसम का हाल जानिए

    उत्तराखंड में, पिछले कुछ दिनों में बर्फबारी से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई, जबकि उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की आशंका जताई है।

    10:20 (IST)16 Dec 2019
    उत्तर भारत के मौसम का हाल जानिए

    उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में रविवार को भी शीत लहर जारी रही। जम्मू-कश्मीर एवं उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, उत्तराखंड तें बर्फबारी से जुड़ी घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।

    09:51 (IST)16 Dec 2019
    सर्दी ने तोड़ा 22 साल पुराना रिकॉर्ड

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कड़ाके की सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रिपोर्ट बताती है कि दिल्ली में दिसंबर के शुरुआती दिनों में पिछले 22 सालों में सबसे ज्यादा ठंडे दिन देखने को मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक एक दिसंबर से 15 दिसंबर तक के बीच शहर का अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसका औसत निकाले तो यह 19.8 डिग्री सेल्सियस होता है। रिपोर्ट बताती है कि इसी अवधि से शहर का तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। खास बात है कि पिछले 22 सालों में ऐसा पहली बार है जब दिसंबर के शुरुआती 15 दिनों में तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भी नहीं पहुंच सका। हालांकि रात का तापमान सामान्य के करीब रहा और यह पिछले साल के बराबर ही रहा। 

    09:04 (IST)16 Dec 2019
    राजस्थान में बढ़ा सर्दी का प्रकोप

    राजस्थान में भी सर्दी का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। राज्य के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कल के मुकाबले एक से दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। राज्य के सभी प्रमुख शहरों में न्यनूतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

    07:46 (IST)16 Dec 2019
    वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल