Weather forecast Today Updates: दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कड़ाके की हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक द‍िल्‍ली में शाम चार बजे का तापमान 17 ड‍िग्री सेल्‍स‍ियस था। 13 क‍िमी प्रत‍ि घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। रात 12 बजे तक तापमान में छह डि‍ग्री ग‍िरावट का अनुमान है।

भारी कोहरे के कारण चंडीगढ़ में कई उड़ानें बाधित हो गईं। जम्मू-कश्मीर का द्रास सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 27.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। इसी तरह पिछले कई घंटों से शीत लहर का सामना करने वाले दिल्लीवासियों को मंगलवार यानी आज भी शीतलहर के प्रकोप का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रात भर ताजा बर्फबारी हुई और केलांग, कल्पा, मनाली और कुफरी में शून्य के करीब तापमान पर लोग ठिठुरते रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा पिछले 24 घंटों के दौरान शिमला में 7.3 सेमी बर्फबारी हुई। पर्यटन स्थल मनाली में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम तापमान के साथ शीत लहर की स्थिति गंभीर रही। कुफरी में पारा शून्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।।

Live Blog

Highlights

    21:21 (IST)17 Dec 2019
    उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान नीचे गिरा

    मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक मण्डलों में तापमान में खासी गिरावट आयी। इस अवधि में बरेली, मेरठ, झांसी और आगरा मण्डलों में दिन के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान आगरा, गोरखपुर, फैजाबाद, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली, झांसी तथा मेरठ मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।मौसम केन्द्र ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में कुछ स्थानों पर शीतलहर चलने का अनुमान है। इस अवधि में मौसम आमतौर पर सूखा रहने की सम्भावना है।

    19:56 (IST)17 Dec 2019
    17 वर्षों का सबसे ठंडा दिन

    दिल्ली एनसीआर में ठंड बढ़ती जा रही है।  मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो दिसंबर के दौरान पिछले 17 वर्षों में सबसे कम है।

    18:08 (IST)17 Dec 2019
    शीतलहर के चलते स्कूलों के समय बदले गए
    16:45 (IST)17 Dec 2019
    Lucknow Weather Today: लखनऊ में गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड

    लखनऊ में पांच बजे के आस-पास तापमान 18 डिग्री सेल्सियस था और इस दौरान हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रही। रात 12 बजे तक तापमान 12 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। पारा गिरने के चलते ठंड बढ़ने आसार हैं।

    15:55 (IST)17 Dec 2019
    Delhi Weather Today: आठ घंटे में छह ड‍िग्री ग‍िरेगा पारा

    द‍िल्‍ली में शाम चार बजे का तापमान 17 ड‍िग्री सेल्‍स‍ियस था। 13 क‍िमी प्रत‍ि घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। रात 12 बजे तक तापमान में छह डि‍ग्री ग‍िरावट का अनुमान है।  

    15:03 (IST)17 Dec 2019
    दिल्ली में गिर सकता है पारा

    स्काईमेट वेदर  रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा और पंजाब के भी कई शहरों में पारा गिरकर काफी नीचे पहुँच गया है। जल्द ही दिल्ली, चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के अन्य शहरों के भी तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

    14:23 (IST)17 Dec 2019
    राजस्थान के मौसम का हाल जानिए

    राजस्थान में सर्दी का दौर जारी है जहां सोमवार रात माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात न्यूनतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 7.2 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 7.4 डिग्री, डबोक में 7.8 डिग्री, जैसलमेर में 8.2 डिग्री, वनस्थली में 8.3 डिग्री, श्रीगंगानगर में 8.5 डिग्री, पिलानी में 8.6 डिग्री और सीकर, कोटा तथा सवाई माधोपुर में नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार अन्य जिलों में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सर्द बना रहने का अनुमान है।

    13:59 (IST)17 Dec 2019
    दिल्ली के मौसम का हाल जानिए

    मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के अधिकतर हिस्सों में ठंड का कहर रहा। हालांकि मौसम वैज्ञानिक ने दिन में आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया है। अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हवा में सापेक्ष आर्द्रता 85 प्रतिशत रही। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 162 रहा।

    13:36 (IST)17 Dec 2019
    उत्तराखंड के मौसम का हाल जानिए

    उत्तराखंड में इन दिनों मौसम साफ है, लेकिन बारिश और बर्फबारी के बाद दुश्वारियां बरकरार हैं। हालांकि मौसम साफ होने पर सड़कों को खोलने के काम में तेजी आई है। मंगलवार को सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया, लेकिन अब भी बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और पिथौरागढ़ में थल-मुनस्यारी समेत 18 संपर्क मार्गों पर आवाजाही ठप है। इसके अलावा 100 से ज्यादा गांव अब भी अलग-थलग हैं और 150 से ज्यादा गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित है।

    12:47 (IST)17 Dec 2019
    लखनऊ के मौसम का हाल जानिए

    सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फवारी और मैदानी इलाकों में हुई बारिश के बाद से ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। उत्तर पश्चिमी हवाएं लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रही हैं। इस बीच शहर के न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। पारा 14.2 से गिरकर 10.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

    11:35 (IST)17 Dec 2019
    वीडियो के जरिए आज देश के दस सबसे ज्यादा ठंडे शहर

    10:52 (IST)17 Dec 2019
    हरियाणा में टूटा ठंड का रिकॉर्ड

    हरियाणा का मौसम इन दिनों कश्मीर की वादियों से कम नहीं है। इन दिनों सूबे में लोग ठण्ड से परेशान है। हरियाणा में पांच साल बाद दिसंबर महीने सबसे ज्यादा ठंडा है। शीतलहर से लोगों का घर से निकलना दुभर हो गया है। मंडी जिले के पराशर झील में बर्फ जमी दिखाई दी। सूबे में मानो पहाड़ों की ठंडक उतर आई हो। मौसम विभाग की माने तो अभी ठण्ड से राहत के आसार नहीं है।

    10:13 (IST)17 Dec 2019
    मैदानी इलाकों के मौसम का हाल जानिए

    मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली-एनसीआर में पहली बार घना कोहरा आज यानी 17 दिसंबर को छाए रहने की संभावना है। क्योंकि इसके लिए मौसम पूरी तरह अनुकून बन गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित अमृतसर, चंडीगढ़, करनाल, मेरठ और लखनऊ में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य तक जा सकती है।

    09:08 (IST)17 Dec 2019
    उत्तर भारत के मौसम का हाल जानिए

    समूचे उत्तर भारत में शीतलहर ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की मानें तो कड़ाके की सर्दी से हाल फ‍िलहाल में निजात नहीं मिलने वाली है। पहाड़ों के उत्तरी भागों में शुष्क मौसम के साथ हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी रहेगी। यही नहीं उत्‍तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे के साथ शीतलहर की स्थिति देखने को मिल सकती है। उत्तर के पहाड़ी इलाकों में मौसम ठिठुरन भरा होगा जबकि मैदानी इलाकों में उत्तर की ओर से बेहद सर्द हवाएं चलेंगी।

    08:31 (IST)17 Dec 2019
    देशभर के मौसम का हाल जानिए

    08:02 (IST)17 Dec 2019
    उत्तराखंड में फंसे पर्टयक

    बर्फबारी के चलते उत्तराखंड में कई पर्यटक ऊंचाई पर स्थित राजमार्गों पर फंसे हुए हैं। बर्फबारी से नारायण बगड़, जोशीमठ और टिहरी के दर्जनों गांवों में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई है, जो अभी तक बहाल नहीं की गई है। पंजाब के पठानकोट और चंडीगढ़ में सोमवार 9.9 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। पंजाब और हरियाणा के मैदानी इलाकों में दिन का तापमान सामान्य सीमा से 7-11 डिग्री नीचे चला गया।