Weather forecast: मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सोमवार यानी आज एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के पूर्वानुमान के आधार पर कहा है कि अगले दो दिनों तक उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। विभाग ने मौसम के पूर्वानुमान में कहा कि 20 और 21 जनवरी को असरकारी रहने के बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव तेजी से कम होने लगेगा। इस दौरान इसके असर के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि 15 जनवरी को हिमालय क्षेत्र में आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से बर्फबारी और मैदानी इलाकों में 15 से 40 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में जनवरी में अब तक तीन पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। विभाग ने अगले दो तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा रहने की संभावना जतायी है जबकि उत्तराखंड, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में भी 22 जनवरी तक घना कोहरा हो सकता है।

इन इलाकों के तापमान में गिरावट को देखते हुए विभाग ने पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक शीत दिवस (कोल्ड डे) की स्थिति रहने का अनुमान व्यक्त किया है। सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में रविवार कुछ स्थानों पर शीत लहर (कोल्ड वेव) की स्थिति रही, हालांकि इन इलाकों में आज से शीत लहर से राहत मिलने की उम्मीद है।

विभाग ने 20 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए दिल्ली और आसपास के इलाकों में 21 से 23 जनवरी तक सर्दी से मामूली राहत मिलने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। विभाग ने 23 जनवरी से पश्चिमी सर्द हवाओं के फिर से जोर पकड़ने के कारण उत्तर और मध्य भारत के अधिकांश इलाकों में 23 और 24 जनवरी को सुबह और रात में घना कोहरा छाये रहने की संभावना व्यक्त की है।

Live Blog

Highlights

    21:41 (IST)20 Jan 2020
    Rajasthan India Weather Forecast: तापमान सामान्य से कम

    राजस्थान के अनेक हिस्सों में सर्दी का जोर बरकरार है, यहां कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से काफी कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात सीकर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह चुरू में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 4.2 डिग्री, पिलानी में 4.3 डिग्री सेल्सियस, डबोक में 4.9 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.6 डिग्री सेल्सियस, ऐरन रोड में 7.0 डिग्री और गंगानगर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सोमवार को भी हल्के बादलों के बीच धूप खिली। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सर्दी का जोर अभी बना रहेगा।

    18:01 (IST)20 Jan 2020
    Punjab, India Weather Forecast: जानिए पंजाब का तापमान

    पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 6.9 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पठानकोट, आदमपुर, हलवारा, बठिंडा, फरीदकोट और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.1, 5.3, 6.1, 4.8, 5 और 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 6.5 डिग्री सेल्सियस और करनाल में आठ डिग्री सेल्सियस रहा।

    16:35 (IST)20 Jan 2020
    Jammu Kahsmir, India Weather Forecast: जम्मू कश्मीर में अगले दो दिन बारिश के आसार

    मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिणी कश्मीर स्थित काजीगुंड में पारा शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। पर्यटन स्थल पहलगाम का तापमान शून्य से नौ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।अधिकारी ने बताया कि उत्तर कश्मीर के मशहूर स्की रिजॉर्ट गुलमर्ग में तापमान शून्य से 12.8 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक घाटी में अगले दो दिनों में छिटपुट से भारी बारिश होने की संभावना है।

    16:14 (IST)20 Jan 2020
    Harayana, India Weather Forecast: पंजाब हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप जारी

    पंजाब, हरियाणा के अधिकतर इलाकों में शीतलहर का प्रकोप सोमवार को भी जारी रहा।हरियाणा का नारनौल दोनों राज्यों में सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    15:39 (IST)20 Jan 2020
    उत्तराखंड और अन्य इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार

    अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।

    14:48 (IST)20 Jan 2020
    दिल्ली-एनसीआर में आज हो सकती है बारिश

    मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, सोमवार को सुबह कोहरा छाने के साथ आसमान में बादल छाएंगे और दिन में बारिश होने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 से 21 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ फ‍िर से सक्रिय होगा, जिससे उत्‍तर भारत में मौसम एकबार फ‍िर करवट ले सकता है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर में बारिश के रूप में भी होगा।

    13:40 (IST)20 Jan 2020
    राजस्थान के मौसम का हाल जानिए

    राजस्थान के अनेक हिस्सों में सर्दी का जोर बरकरार है, यहां कई स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से काफी कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात सीकर में न्यूनतम तापमान 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह चुरू में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 4.2 डिग्री, पिलानी में 4.3 डिग्री सेल्सियस, डबोक में 4.9 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 5.6 डिग्री सेल्सियस, ऐरन रोड में 7.0 डिग्री और गंगानगर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में रात का न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सोमवार को भी हल्के बादलों के बीच धूप खिली। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में सर्दी का जोर अभी बना रहेगा।

    12:25 (IST)20 Jan 2020
    देश के इन राज्यों में हो सकती है बारिश

    मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी स्‍काइमेट वेदर के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश कल बारिश हो सकती है।

    11:45 (IST)20 Jan 2020
    पहाड़ी क्षेत्रों के मौसम का हाल जानिए

    जम्‍मू-कश्‍मीर और इसके आस पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिससे उत्‍तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो इसकी वजह से आज और कल जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है जबकि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है। वहीं दिल्‍ली-एनसीआर में न्‍यूनतम तापमान में और गिरावट आने की आशंका है।

    11:12 (IST)20 Jan 2020
    ये भी जानिए

    सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित दिल्ली के परिवहन विभाग के कार्यालय में सोमवार सुबह आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना आठ बजकर 38 मिनट पर मिली थी जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को घटनास्थल भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

    10:51 (IST)20 Jan 2020
    मैदानी इलाकों में क्यों घट-बढ़ रहा तापमान, मौसम वैज्ञानिक ने दिया जवाब

    दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और अन्य मैदानी राज्यों में बारिश के बीच तापमान की अनियमितता के सवाल पर मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सती देवी ने कहा, ‘मैदानी इलाकों में तापमान के उतार चढ़ाव के लिए पश्चिमी विक्षोभ के साथ साथ, जनवरी में दक्षिण से चलने वाली गर्म पूर्वी हवाओं का हिमालय क्षेत्र से आने वाली सर्द पश्चिमी हवाओं से उत्तरी इलाकों में टकराना है। पूर्वी और पश्चिमी हवाओं की गति जब एक दूसरे पर हावी होती है तब पारे में तेजी से उतार चढ़ाव आना स्वाभाविक है। बार बार सर्दी गर्मी का अनुभव होना इसी का परिणाम है।’

    09:51 (IST)20 Jan 2020
    दिल्ली: वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के आंकड़ों के अनुसार लोधी रोड पर वायु गुणवत्ता 201 दर्ज की गई है जो खराब श्रेणी में आती है।

    09:23 (IST)20 Jan 2020
    उत्तर भारत के मौसम का हाल जानिए

    उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में रविवार को तापमान में गिरावट आई। वहीं कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर हाड़ गलाने वाली सर्दी पड़ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में लोगों की सुबह कड़कड़ाती ठंड से हुई। कश्मीर घाटी और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे बना हुआ है और सड़कों पर बर्फ की परत जमी है जिससे लोगों को असुविधा हो रही है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कश्मीर और लद्दाख में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है।

    08:55 (IST)20 Jan 2020
    मौसम में क्यों हो रहा इतना उतार-चढ़ाव, जानिए

    दिसंबर में देश के मैदानी इलाकों में इस बार रिकार्ड तोड़ सर्दी, पहाड़ी क्षेत्रों में अप्रत्याशित बर्फबारी और अब जनवरी में पारे के बार बार उतार चढ़ाव के कारण मौसम की अनूठी आंख मिचौली के लिए मौसम विज्ञानी हिमालय क्षेत्र में अधिक तीव्रता के पश्चिमी विक्षोभों को प्रमुख वजह बता रहे हैं। मौसम विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. सती देवी ने बताया कि मौसम के इस अप्रत्याशित मिजाज का ही नतीजा है कि हिमालय क्षेत्र में रिकार्ड बर्फबारी और मैदानी इलाकों में जनवरी में 40 मिमी तक बारिश के साथ धूप एवं बादलों की लुकाछिपी का अनूठा खेल चल रहा है। उन्होंने कहा कि दिन में बार बार धूप निकलना और बीच बीच में बारिश होना, जलवायु परिवर्तन की आहट के बीच मौसम की चरम गतिविधियों के परिणाम है।

    08:17 (IST)20 Jan 2020
    उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल जानिए

    उत्तर प्रदेश के विभिन्न मण्डलों में पिछले कई दिनों से जारी बूंदाबांदी के बाद बदली के कारण ठंड से खास राहत नहीं मिली। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी भागों में कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर रहा। कुछ इलाकों में खासा घना कोहरा भी रहा। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कानपुर और झांसी मण्डलों में दिन के तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है।

    07:33 (IST)20 Jan 2020
    वीडियो के जरिए जानिए देशभर के मौसम का हाल