Weather Today: ठंड और गलन के बीच दिल्ली-NCR में रविवार को जोरदार बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में तड़के से गरज के साथ तेज बारिश हो रही है। नोएडा में भी दोपहर तक बादलों की तड़क-भड़क रही। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 03 जनवरी को बारिश की संभावना जताई थी। इसी तरह यूपी में राजधानी लखनऊ सहित आसपास के इलाकों में बारिश हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में छह जनवरी तक बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट बदली है। राज्य के हल्द्वानी में बारिश जारी है जबकि नैनीताल बर्फबारी हुई है।
IMD के मुताबिक, राजगढ़, अलवर, दौसा, सोनीपत, दादरी, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बदायूं, मोदीनगर, मथुरा, हाथरस, जिंद, पानीपत, करनाल समेत कई जगहों पर बारिश का अनुमान है। रविवार को कश्मीर और लद्दाख में हल्की बर्फबारी हुई. जम्मू में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश हुई। इसके बाद यहां और अधिक ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार और सोमवार को घाटी के विभिन्न क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी होगी। बर्फबारी के कारण राजमार्ग के जवाहर सुरंग क्षेत्र में बर्फ जम गई है।
जम्मू कश्मीर में भारी बर्फबारी से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। जम्मू और श्रीनगर नेशनल हाइवे पर भारी बर्फबारी की वजह से सड़क पर बर्फ की चादर बिछ गई है।
कोटा, अलीगढ़, अंबाला समेत उत्तर भारत के कई शहरों में तेज़ वर्षा और ओलावृष्टि हुई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 5 जनवरी तक भारी बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई गई है।
NCR के क्षेत्रों में हो रही बारिश खेतों में खड़ी गेहूं-सरसों के लिए फायदेमंद साबित होगी। दिल्ली से लगे हरियाणा के इलाकों में भी बादल बरस रहे हैं। इससे किसानों में खुशी है। बारिश के कारण ठंड तो बढ़ गई लेकिन खेतों के लिए यह अच्छा है। इससे फसल में वृद्धि होगी. दरअसल अब किसानों को पाले की चिंता नहीं होगी। कृषि विशेषज्ञों ने भी बारिश को फसलों के लिए वरदान बताया है। इससे घना कोहरा होने से भी फसलों को फायदा मिलेगा।
राजधानी दिल्ली में रविवार को तो बारिश हो रही है। आने वाले 2 दिन भी मौसम के ऐसे रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक राजधानी में 4 जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। 6 जनवरी तक बादल-बारिश जैसा ही मौसम रह सकता है. बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक राजेंद्र कुमार जेनामनी के अनुसार 5 तारीख तक पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और उत्तर राजस्थान में बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिक ने यह भी बताया है कि इससे दिल्ली के तापमान में कुछ ज्यादा बदलाव नहीं होगा और दिन ठंडे ही रहेंगे। आज के अलावा अगले दो दिनों तक दिल्ली में बारिश हो सकती है।
दिल्ली में सुबह से हो रही तेज बारिश की वजह से बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में मौजूद किसानों के टेंट में भी पानी भर गया। सिंघु बॉर्डर पर स्टेज के पास लगाये गए किसानों के गद्दे तक भींग गए। इसके अलावा लंगर बनने वाले तंबुओं में भी पानी जमने लगा जिसकी वजह से लोगों को खाने-खिलाने में भी समस्या हुई। हालाँकि किसान ज़ोरदार बारिश के बीच तिरपाल और ढंकने के अन्य सामान से अपना बचाव कर रहे हैं। बुराड़ी मैदान में मौजूद एक किसान ने कहा कि भले ही बारिश में भींग गए हों लेकिन हम डटे रहेंगे। सरकार हमारी बातों को सुन नहीं रही है। हम अपना प्रदर्शन इसी तरह जारी रखेंगे।
राजस्थान में शीतलहर के साथ कई इलाकों में बारिश भी हुई और ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार कोटा में रात में करीब 8 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा जयपुर समेत कई जिलों में भी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के कई इलाकों में अगले तीन दिन हल्की बारिश के साथ अलग अलग जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। शनिवार रात में कई जगहों में नीम्बू आकार के गोले गिरे हैं। भारी ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसल को भी काफी नुकसान होने की आशंका है।
जम्मू कश्मीर में भारी बर्फ़बारी चल रही है। प्रदेश की राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 6 डिग्री नीचे दर्ज किया है। वहीँ गुलमर्ग में भी तापमान शून्य से नीचे ही रहा। उत्तर कश्मीर के गुरेज घाटी में भी बर्फ़बारी चल रही है। साथ ही जवाहर सुरंग, राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के इलाके में भी बर्फ़बारी हो रही है। इसके अलावा देवभूमि उत्तराखंड में भी हाड़ कंपाने वाली ठंडी जारी है। नैनीताल में भी हल्की बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार घाटी के कुछ इलाकों में अलग अलग स्थानों पर बारिश या बर्फ़बारी जारी रहने की संभावना है
मौसम विभाग के मुताबिक राजगढ़, अलवर, दौसा, सोनीपत, दादरी, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बदायूं, मोदीनगर, मथुरा, हाथरस, जिंद, पानीपत, करनाल समेत कई जगहों पर बारिश का अनुमान है।