Weather forecast: देश के ज़्यादातर राज्यों में आज मौसम खराब रहेगा। तेज बारिश के चलते इन में से कुछ राज्यों में हालात गंभीर बने हुए हैं। कर्नाटक और महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित हिस्सों में स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें हाई अलर्ट पर रखा गया है। कर्नाटक में पिछले दो दिनों से भारी बारिश जारी है। इसके कारण 15 जिलों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। वहां से अबतक लगभग 26,000 लोगों को निकाला गया है। बुधवार को कर्नाटक में बारिश और बाढ़ संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 5 हो चुकी है। वहीं महाराष्ट्र में भी हालात ठीक नहीं हैं अबतक 2.5 लाख लोगों को अन्य स्थानों पर पहुंचाया गया है।

मध्यप्रदेश के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश की संभावनाएं हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मध्यप्रदेश के अनूपपुर, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, दमोह, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैतूल, हरदा, होशंगाबाद, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, धार, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, श्योपुर, गुना और अशोकनगर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली लगातार उमस बनी हुई है। दिल्ली में अबतक कुछ खास बारिश नहीं हुई है जिसके चलते उमस है, बुधवार को यहां तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में 22.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालम वेधशाला ने 9.6 मिमी और लोधी रोड वेधशाला में 24.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Live Blog

19:23 (IST)08 Aug 2019
महाराष्ट्र में बचाव कार्य में जुटी नौका पलटने से नौ की मौत, चार लापता

महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित सांगली जिले में बचाव कार्य में जुटी एक नौका के जलाशय में पलट जाने से नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए।पुणे मंडलायुक्त दीप म्हाइसेकर ने बताया कि पुणे तहसील के ब्रह्मानल गांव के पास एक निजी नौका बाढ़ पीड़ित करीब 30 लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक नौ शव बरामद हुए हैं। नौका के पलटने से गिरे करीब 14-15 लोग सुरक्षित बाहर आ गए।’’ मंडलायुक्त ने बताया कि पुलिस अधिकारी और आपदा प्रबंधन कर्मी लापता लोगों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

18:46 (IST)08 Aug 2019
ओडिशा में बारिश में आई कमी से राहत

बाढ़ से बेहाल दक्षिणी ओडिशा में लगातार हो रही बारिश में कमी आई। अधिकारियों ने बताया कि इससे बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी उतरना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के भुवनेश्वर केंद्र के निदेशक एच आर बिस्वास ने बताया कि बालासोर के नजदीक ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट पर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से ओडिशा के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश हो रही थी, लेकिन बुधवार की दोपहर को यह कमजोर पड़ गया। यह पूर्वोत्तर छत्तीसगढ़ और इसके पड़ोसी क्षेत्रों पर केंद्रित है। इसके पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ने पर और अधिक कमजोर होने की संभावना है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुदाम मारंदी ने कहा कि मल्कानगिरी और रायगढ़ सहित बाढ़ प्रभावित जिलों में हालात नियंत्रण में हैं।

18:04 (IST)08 Aug 2019
भारी बारिश और जलभराव के चलते ये ट्रेनें प्रभावित

वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक भारी बारिश और जलभराव के चलते 8 से 12 अगस्त के बीच वडोदरा डिवीजन के किम और कोसांबा स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। देखें लिस्ट:-

17:27 (IST)08 Aug 2019
केरल में भारी बारिश, चार जिलों के लिए अलर्ट जारी

केरल के कई इलाके भारी बारिश की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने राज्य के चार जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। ये चार जिले भारी वर्षा और तेज हवाओं की चपेट में हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के सूत्रों ने कहा कि यह अलर्ट इदुक्की, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड में जारी किया गया है।

16:41 (IST)08 Aug 2019
कर्नाटक अलमाटी बांध से पानी छोड़ेगा

पश्चिमी महाराष्ट्र में जबरदस्त बाढ़ के मद्देनजर कर्नाटक ने मदद का हाथ बढ़ाया है। कर्नाटक ने कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ का पानी कम करने के लिए अलमाटी बांध से पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ने पर सहमति जतायी है । अधिकारियों ने गुरूवार को इसकी जानकारी दी ।

16:02 (IST)08 Aug 2019
छत्तीसगढ़: दीवार ढहने से 2 लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित मदन मोहन मालवीय वॉर्ड में भारी बारिश के बाद एक घर की दीवार ढहने से दो लोगों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस घटना में पांच लोग घायल भी हुए हैं।

14:57 (IST)08 Aug 2019
सांगली जिलों में बाढ़ की स्थिति

पश्चिमी महाराष्ट्र में खास तौर पर कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ की स्थिति भयावह होने के बाद 1.32 लाख से ज्यादा लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है। यहां लगातार हुई बारिश से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

13:02 (IST)08 Aug 2019
मध्यप्रदेश के इन जिलों में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मध्यप्रदेश के अनूपपुर, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, दमोह, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैतूल, हरदा, होशंगाबाद, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, धार, नीमच, मंदसौर, राजगढ़, श्योपुर, गुना और अशोकनगर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

12:14 (IST)08 Aug 2019
दिल्ली में कम बारिश के चलते उमस

दिल्ली में कुछ खास बारिश नहीं हुई है जिसके चलते उमस है, बुधवार को यहां तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला में 22.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पालम वेधशाला ने 9.6 मिमी और लोधी रोड वेधशाला में 24.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

11:15 (IST)08 Aug 2019
मुख्यमंत्री ने समीक्षा के लिए बैठक बुलाई

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए मुंबई में बैठक बुलाई। कोल्हापुर से अब तक 11432, रायगढ़ से 3000 और सांगली जिले के 53000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

10:52 (IST)08 Aug 2019
उत्तर प्रदेश में बारिश से मौतें

उत्तर प्रदेश में, हरदोई में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि गोरखपुर में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। राज्य सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में लगातार बारिश से चार लोगों की जान चली गई, जबकि बुलंदशहर और कानपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।

10:31 (IST)08 Aug 2019
ऊना में अधिकतम 109 मिलीमीटर बारिश

हिमाचल प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हुई। ऊना में अधिकतम 109 मिलीमीटर बारिश हुई। छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में पिछले दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।

10:04 (IST)08 Aug 2019
40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान

मौसम विभाग ने केरल में तट से सटे इलाकों में पश्चिम दिशा की ओर से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

09:36 (IST)08 Aug 2019
8 जिलों में चेतावनी जारी

महाराष्ट्र और कर्नाटक में बाढ़ राहत कार्यों के लिए सेना ने 1 हजार सैन्य अधिकारियों को तैनात किया है। महाराष्ट्र के 8 जिलों पुणे, नासिक, सांगली, औरंगाबाद, कोल्हापुर, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

09:13 (IST)08 Aug 2019
राष्ट्रीय और राज्य मार्ग बाढ़ में डूब गए

उत्तरी कर्नाटक के कई इलाकों के राष्ट्रीय और राज्य मार्ग बाढ़ में डूब गए हैं। स्कूल और कॉलेजों में छुटि्टयां घोषित कर दी गई हैं। यहां के बाढ़ प्रभावित इलाकों से भारतीय नौसेना के जवान 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले गए। 

08:56 (IST)08 Aug 2019
ओडिशा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति

पूरे देश में तेज बारिश की आशंका है। ओडिशा के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है और दक्षिणी क्षेत्र में कुछ इलाकों में रेल सेवाएं बाधित रहीं।