Mumbai Rains, Weather forecast: मौसम विभाग ने मुंबई और उससे सटे रायगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को भारी से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने बुधवार को मुंबई और रायगढ़ जिलों के लिए ‘‘रेड’’ अलर्ट जारी किया है। यह भारी वर्षा होने का संकेत देता है।

 दिल्ली में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली में बुधवार को उमस के बाद बारिश होने की उम्मीद जताई है। मौसम विभाग ने शाम या रात के समय बहुत हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। इससे पहले बुधवार की सुबह काफी उमस भरी रही। राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है। आर्द्रता 85 फीसदी दर्ज की गई।

वहीं, उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में यमुना, केन और बेतवा नदियों में बाढ़ के कारण बांदा, हमीरपुर और चित्रकूट जिलों के कई गांवों में पानी घुस गया और हजारों बीघा खेत जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। बुंदेलखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और बांधों से पानी छोड़ने के कारण इन जिलों में यमुना नदी खतरे के निशान को पार कर गयी है।

बांदा के जिलाधिकारी हीरालाल ने बुधवार को बताया कि चार दिन से लगातार बारिश हो रही है, जिसकी वजह से यहां पैलानी, खप्टिहा कलां और चिल्ला क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हैं तथा कई सड़कें टूट गयी हैं। तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खेतों में पानी भरने की वजह से बरबाद हुई फसल का आकलन करें।

Live Blog

21:39 (IST)19 Sep 2019
गुजरात में कल बारिश की आशंका

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में शुक्रवार (20 सितंबर 2019) को बारिश होने की संभावना है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट ने यह जानकारी दी। इसके साथ ही दक्षिणी छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावनाएं हैं।

20:38 (IST)19 Sep 2019
शिमला: छाए रहे बादल, 23 सितंबर के बाद धूप खिलने के आसार

हिमचाल प्रदेश के शिमला में गुरुवार को बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने शिमला के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में 23 सितंबर के बाद धूप खिलने के आसार जताए हैं। तबतक शिमला में बादल छाए रहेंगे और बारिश भी हो सकती है।

19:59 (IST)19 Sep 2019
मप्र: 21-22 सितंबर को कई जिलों में फिर हो सकती है बारिश

मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि मध्यप्रदेश में 21-22 सितंबर को कई जिलों में फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने कहा है कि मध्यप्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

18:58 (IST)19 Sep 2019
पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पूर्वी राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जाहिर की है। इसके साथ ही 15 शहरों में अलर्ट भी जारी किया गया है। बता दें कि राजस्थान में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

18:15 (IST)19 Sep 2019
यूपी: पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अगले दो-तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अगले दो-तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि पूर्वी जिलों में कई जगब बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश देखने को मिली है। मौसम से जुड़ी एक निजी वेबसाइट के मुताबिक अगले दो-तीन दिन बारिश का सिलिसिला इसी तरह जारी रहेगा।

17:52 (IST)19 Sep 2019
बहराइच जिले में बारिश, कई गांवों में भरा पानी

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दो दिनों से तराई क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते जन-जीवन ठप है। विशेषकर सरयू नदी घाघरा नहीं उफान पर है। मिहींपुरवा के कई गांवों में कई घरों में पानी भर चुका है। इसकी वजह से कई कई मार्गों पर आवागमन बाधित है।

17:05 (IST)19 Sep 2019
बीते 24 में महाराष्ट्र के इन इलाकों में हुई इतनी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं कोंकण और गोवा में अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बारिश जारी रहेगी। बता दें कि मौसम विभाग ने आज मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही मुंबई, ठाणे और कोंकण क्षेत्र में स्कूल और जूनियर कॉलेज आज बंद हैं।

16:14 (IST)19 Sep 2019
अगले 24 घंटों में इन राज्यों में बारिश का अनुमान

मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जिसके वजह से बारिश होने की संभावनाएं अन्य इलाकों से ज्यादा है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मौसम ठंडा हो गया है।

16:13 (IST)19 Sep 2019
अगले 24 घंटों में इन राज्यों में बारिश का अनुमान

मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम पर नजर रखने वाली एक निजी वेबसाइट के मुताबिक मध्य महाराष्ट्र के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है जिसके वजह से बारिश होने की संभावनाएं अन्य इलाकों से ज्यादा है। वहीं राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में मौसम ठंडा हो गया है।
 

15:24 (IST)19 Sep 2019
मध्यप्रदेश में बारिश से 24 लाख हेक्टेयर की फसल को नुकसान

मध्यप्रदेश में बारिश से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। राज्य के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 52 जिलों में से 36 जिलों के 8000 से अधिक गांव अत्यधिक वर्षा से प्रभावित हुए हैं। इससे प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर में बोयी गई फसलों को नुकसान पहुंचा है और 22 लाख किसान प्रभावित हुए हैं। इन फसलों के नुकसान का प्राथमिक मूल्यांकन 9,600 करोड़ रुपये है।

14:17 (IST)19 Sep 2019
यूपी के हमीरपुर में यमुना खतरे के निशान से ऊपर

यूपी में लगातार बारिश के कारण नदियों का जल स्तर बढ़ गया है। नदियों का पानी निचले रिहायशी इलाकों तक भी पहुंच गया है। हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने  बताया कि मंगलवार की शाम यमुना नदी खतरे का निशान पार कर दो मीटर और बेतवा आधा मीटर ऊपर बह रही थी। बाढ़ से प्रभावित लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में ठहराया गया है।

13:52 (IST)19 Sep 2019
पटना में पिछले 24 घंटे में 94 एमएम बारिश

बिहार के विभिन्न इलाकों में जोरदार बारिश देखने को मिल रही है। राजधानी पटना के अलावा, छपरा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और भागलपुर में खूब बारिश हुई। मौसम विभाग  कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार की राजधानी पटना में 94.4 मिमी, दरभंगा में 75.2 मिमी, डेहरी में 59.6 मिमी, फारबिसगंज में 51.4 मिमी, छपरा में 44.6 मिमी, सुपौल में 39.1 मिमी, मुजफ्फरपुर में 21.4 मिमी, गया में 4.8 मिमी, पूर्णिया में 3.3 मिमी और भागलपुर में 1.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई ।

13:22 (IST)19 Sep 2019
यूपी में बारिश से दो दर्जन गांवों का संपर्क टूटा

यूपी में बारिश के कारण बांदा जिले के करीब दो दर्जन गांवों का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। बांदा के जिलाधिकारी हीरालाल ने बुधवार को बताया कि चार दिन से लगातार  बारिश हो रही है, जिसकी वजह से यहां पैलानी, खप्टिहा कलां और चिल्ला क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हैं तथा कई सड़कें टूट गयी हैं। तहसीलदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खेतों में पानी भरने की वजह से बरबाद हुई फसल का आकलन करें। जिलाधिकारी ने बताया कि केन और यमुना नदी में आई बाढ़ से पैलानी तहसील क्षेत्र के काना खेड़ा, सबादा, महबरा, पिपोदर, चौकीपुरवा, तनगामऊ, हूसी पुरवा, गाजीपुर, बड़ा गांव, गडोला समेत दो दर्जन गांवों के संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

12:54 (IST)19 Sep 2019
सितंबर में मानसून का बेहतर प्रदर्शन

देश में सितंबर महीने में मानसून का प्रदर्शन बेहतर दिखाई दे रहा। स्काइमेटवेदर.कॉम के अनुसार सितंबर के महीने में मानसून के बेहतर रहने का अनुमान है। इससे पहले जुलाई, अगस्त में मानसून ने अच्छा प्रदर्शन किया था। जुलाई में 105 प्रतिशत तथा अगस्त में 115 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज हुई थी। सितंबर महीने में भी कुछ इसी तरह की ट्रेंड देखने को मिल रहा है। इस महीने की समाप्ति भी अधिक बारिश के साथ रहने की संभावना है।

12:33 (IST)19 Sep 2019
बिहार में वज्रपात की चपेट में आकर 18 की मौत

बिहार में बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आकर पिछले 24 घंटों के दौरान 18 लोगों की मौत हो गयी। आपदा प्रबंधन विभाग से बुधवार को प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वज्रपात की चपेट में आकर प्रदेश के गया और कैमूर जिला में तीन—तीन, पूर्वी चंपारण, सिवान, भोजपुर, अरवल एवं पटना में दो—दो, कटिहार एवं जहानाबाद जिला में एक—एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस तरह पिछले 24 घंटों के दौरान कुल 18 लोगों की मौत हो गयी।

11:38 (IST)19 Sep 2019
ठाणे, पालघर में अगले 4 घंटे में भारी बारिश का अनुमान

महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर में अगले 4 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के ठाणे और पालघर के साथ सुदूर इलाकों में हल्की से भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। दोनों जिलों में गरज के साथ छीटें पड़ने का भी अनुमान जताया गया है।

11:02 (IST)19 Sep 2019
बारिश के कारण प्रयागराज में घरों में घुसा पानी

यूपी के प्रयागराज में बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने का असर यहां के रिहायशी इलाकों में देखने को मिल रहा है। गंगा और यमुना में बारिश के बाद बढ़े जलस्तर से प्रयागराज के निचले इलाकों में लोगों के लिए परेशानी बढ़ गई है।

10:19 (IST)19 Sep 2019
मप्र सरकार ने केन्द्र से मांगी बाढ़ राहत के लिये 11,800 करोड़ रुपये

मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश में भारी बारिश के बाद राहत कार्यों के लिये केन्द्र सरकार से 11,800 करोड़ से अधिक राशि की मांग की है। प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार प्रदेश में बाढ़ से 11,861 करोड़ रुपये की संपत्ति और फसलों का नुकसान हुआ है। केन्द्र सरकार को राहत कार्यों के लिये तुरंत मध्यप्रदेश को इतनी राशि देनी चाहिये। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं शिवराज सिंह और राकेश सिंह भाजपा अध्यक्ष को इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय केन्द्र सरकार से राहत राशि दिलवाने के लिये धरने पर बैठना चाहिये। इससे किसानों और लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध करायी जा सकेगी।

09:40 (IST)19 Sep 2019
चित्रकूट में बाढ़ से डेढ़ दर्जन गांव प्रभावित

यूपी के चित्रकूट में बाढ़ से हालात काफी खराब है। बाढ़ का पानी कई गांवों में घुस गया है। इससे लोगों को फसल के साथ ही माल की भी काफी क्षति हो रही है। चित्रकूट के जिलाधिकारी शेषमणि पांडेय ने बताया कि पयस्वनी नदी में आई बाढ़ से डेढ़ दर्जन गांव बुरी तरह प्रभावित हैं।

08:59 (IST)19 Sep 2019
Weather Forecast Today LIVE Updates:मुंबई में भारी बारिश का पूर्वानुमान, रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने मुंबई और उससे सटे रायगढ़ जिले में बृहस्पतिवार को भारी से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम विभाग ने बुधवार को मुंबई और रायगढ़ जिलों के लिए ‘‘रेड’’ बारिश अलर्ट जारी किया है जो भारी वर्षा होने का संकेत देता है। उन्होंने बताया कि यह संकेत देता है कि बृहस्पतिवार सुबह से अगले 24 घंटे के दौरान 204 मिमी से ज्यादा बारिश हो सकती है।

08:21 (IST)19 Sep 2019
बारिश के कारण मिट्टी गीली होने से फंसा फायर टेंडर, ढाई घंटे उड़ानें रहीं बाधित

पटना हवाई अड्डे के रनवे के पास  फायर टेंडर के कीचड़ वाली जमीन में फंस जाने से करीब ढाई घंटे उडानों का परिचालन बाधित रहा। पटना में हुई  भारी बारिश के कारण जमीन की मिट्टी के गीले हो जाने के कारण फायर टेंडर उसमें फंस गया था। जयप्रकाश नारायण हवाई अड्डे द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार एयरपोर्ट  पर संचालन दोपहर एक बजकर दस मिनट से अपराह्न साढ़े तीन बजे तक निलंबित रहा। इसके परिणामस्वरूप 3 उड़ानों में देरी हुई और 9 अन्य उडानों को वाराणसी, रांची, लखनऊ की ओर ले जाना पडा । रनवे के किनारे से लगभग 22 मीटर की दूरी पर घास में मामूली आग लगने पर उसे बुझाने के लिए दोपहर में क्रैश फायर टेंडर (सीएफटी) को लगाया गया था ।

07:50 (IST)19 Sep 2019
चिल्ला घाट में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर

बांदा के जिलाधिकारी हीरालाल ने जल आयोग, बांदा कार्यालय द्वारा जारी बाढ़ बुलेटिन के हवाले से बताया कि चिल्ला घाट में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि मंगलवार की शाम यमुना नदी खतरे का निशान पार कर दो मीटर और बेतवा आधा मीटर ऊपर बह रही थी। बाढ़ से प्रभावित लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में ठहराया गया है।