Weather Forecast Updates: पश्चिम बंगाल के कोलकाता, झारखंड और ओडिशा में रविवार को कुछ स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है उत्तर-पूर्व झारखंड वाले क्षेत्र में चक्रवाती प्रवाह बना है। इसी तरह का मौसम झारखंड और उत्तरी ओडिशा में बन रहा है। मौसम विभाग के अनुसार नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश की संभावना है। इसके अलावा जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी बारिश हो सकती है।
बारिश के कारण राज्य के सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा के दौरान उत्सव का मजा किरकिरा हो सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार को विजयादशमी के दिन गंगा के मैदानी क्षेत्र में एक दो स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान जताया है । वहीं दिल्ली में रविवार को आसमान में बादल छाएं रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में अधिक तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में दिल्ली में आर्द्रता का स्तर 86 से 46 फीसदी रहने का अनुमान है। इससे पहले शनिवार को राजधानी में मौसम खिला-खिला रहा। दूसरी तरफ बिहार में बाढ़ के बाद कई जगह बढ़े स्तर से एनएच को नुकसान पहुंचा है। पथ निर्माण विभाग के प्रारंभिक आंकलन के अनुसार करीब 50 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। पटना-गया-डोभी सड़क का कुछ हिस्सा भी बाढ़ की वजह से क्षतिग्रस्त हुआ है।


स्काईमेट वेदर के मौसम विभाग के उपाध्यक्ष महेश पालावत के मुताबिक उत्तर—पश्चिम भारत में सात अक्तूबर के बाद बारिश का सिलसिला भी थमने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 अक्तूबर से मानसून का वापस लौटना शुरू हो जाएगा।
पिछले तीन महीने से सक्रिय दक्षिण पश्चिम मानसून की बारिश की कमी को महसूस कर रहे उत्तर और मध्य भारत के इलाकों में बीते सप्ताह मानसून मेहरबान रहा। एक से छह अक्टूबर के दौरान जम्मू कश्मीर से लेकर राजस्थान तक लगभग सभी राज्यों में सामान्य से काफी अधिक बारिश दर्ज की गयी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले एक सप्ताह में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, दिल्ली और राजस्थान सहित नौ राज्यों में सामान्य से बहुत अधिक, उत्तर प्रदेश सहित तीन राज्यों में सामान्य से अधिक तथा हरियाणा में सामान्य बारिश हुई।
कर्नाटक के कई हिस्सों में लगातार बारिश के चलते बागलकोट जिले के एक गांव में एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक शनिवार और रविवार की दरमियानी रात मिट्टी के घर की छत गिर जाने से एक युगल और उनके बेटे की मौते पर ही मौत हो गई।दमकल र्किमयों ने मलबे से शवों को बाहर निकाला।मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक वीरन्ना चारन्तीमठ ने प्रशासन की तरफ से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया।उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन अंतिम संस्कार के लिए 15,000 रुपये दे रहा है और मृतकों के परिजनों को 15 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।’’ चारन्तीमठ ने कहा कि परिवार के बाकी बचे लोगों के रहने के लिए सुरक्षित जगह का प्रबंध किया जाएगा। उन्होंने लोगों ने अपील की कि वे कमजोर मकानों में न रहें।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह आसमान साफ रहा और यहां न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर आर्द्रता का स्तर 82 फीसदी दर्ज किया गया।
बिहार के पूर्वी जिलों में अगले तीन-चार दिन बारिश का अनुमान है। प्राइवेट मौसम एजेंसी स्काइमेट के अनुसार पूर्वी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार के पश्चिमी भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। राज्य के पटना, मुजफ्फरनगर, गया, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। राज्य में अगले एक सप्ताह तक तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
भोपाल में 50 किलोमीटर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण शहर में करीब डेढ़ दर्जन पेड़ गिर गए। पेड़ गिरने से बिजली का तार टूटने की वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। सुबह से ही बादल छाए रहने के बाद शहर के कुछ इलाकों में हल्की बौछारें पड़ी।
दिल्ली में रविवार को देर शाम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कुछ इलाकों में देर शाम बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने की उम्मीद है।
आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। शनिवार को मछलीपट्टनम में 73 एमएम बारिश दर्ज की गई। यह बारिश पूरे देश में सबसे अधिक थी।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर, कालपा, मशरोबा, सोलना, शिमला, मनाली, कुफरी में बारिश हुई। उना प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। यहां अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं केलांग 3 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे सर्द इलाका रहा।
बिहार में पुनपुन, गंगा, कमला बलान, बागमती, बूढ़ी गंडक एवं महानंदा नदियों के जलस्तर में लगातार गिरावट आ रही है। शनिवार को पटना में पुनपुन के जलस्तर में भी कमी दर्ज की गई। गौरीचक, फतुहा और श्रीपालपुर में भी पुनपुन नदी का पानी घट रहा है। सुबह 10 बजे पुनपुन का जलस्तर 53.54 मीटर था, जो खतरे के निशान से 2.94 मीटर ऊपर था। अभी इसमें एक सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से कमी आ रही है। जल संसाधन मंत्री संजय झा ने कहा कि संवेदनशील तटबंधों पर विभाग के आला अधिकारी एवं अभियंता निगरानी कर रहे हैं। पुनपुन पर बने रिंग बांध की मरम्मत तेजी से की जा रही है। सभी प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
कर्नाटक में बाढ़ के कारण अगस्त में 22 जिलों में 103 तालुका प्रभावित हुए थे और 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो गयी थी। करीब सात लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया था और हजारों मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे ।
बाढ़ प्रभावित कर्नाटक के लिए शुरूआती राहत के तौर पर केंद्र द्वारा 1,200 करोड़ रुपये आवंटित किये जाने के एक दिन बाद मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने शनिवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर और धनराशि की मांग करेंगे। येदियुरप्पा ने कहा, ‘‘मोटे तौर पर करीब 35,000 करोड़ रुपये का (नुकसान) हमारा आकलन है। अभी हमें वास्तविक रकम का पता नहीं है।
बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित इलाकों में देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए चिकित्सकों और मेडिकल र्किमयों का एक दल मुश्किल हालातों के बीच लोगों की मदद में जुटा है। राष्ट्रव्यापी मानवीय संगठन मुंबई के डॉक्टर्स फॉर यू (डीएफवाई) ने पूरे शहर के जलमग्न होने पर राजेंद्र नगर पुल के बाहर गोलचक्कर पर 30 सितंबर को ओपीडी शिविर शुरू किया। डीएफवाई के संस्थापक डॉ. रविकांत सिंह ने कहा, ‘‘हमारे पास ओपीडी में बड़ी संख्या में मरीज आ रहे हैं और हमें महसूस हुआ कि उनमें से कुछ को वृहद चिकित्सा सहायता चाहिए इसलिए दो दिन बाद हमने गोलचक्कर के अंदर आईपीडी सेवा शुरू की और साथ ही एक अन्य शिविर में छोटा-सा कार्यालय खोला है।