Weather forecast, Monsoon, Mumbai Rains and Temperature : दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाको में रविवार को बारिश होने की संभावना है। इस बारिश के चलते लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने का अनुमान है। छिटपुट बारिश के चलते दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में भी कमी आयी है।

मौसम विभाग के अनुसार इस साल बारिश सामान्य से 33 प्रतिशत कम हुई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत भी कुछ देर से हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई-अगस्त में बारिश अच्छी रहेगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार खरीफ की मुख्य फसल धान की बुवाई पिछले सप्ताह के अंत तक 52.47 लाख हेक्टेयर हुई जबकि पिछले साल इसी दौरान धान का रकबा 68.60 लाख हेक्टयेर तक पहुंच गया था।

मुंबई में रविवार को भी बारिश का दौर जारी है। हालांकि फिलहाल मुंबई में बादल छाए हुए हैं और बारिश फिलहाल बंद है, लेकिन शाम में और रात में फिर से बारिश आने का अनुमान जताया गया है। वहीं मानसून के चलते पूर्वी उत्तर प्रदेश में रविवार की सुबह बारिश लेकर आयी। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आयी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने टर्फ क्षेत्र के चलते पूर्वांचल में बारिश हो रही है।

Live Blog

Highlights

    21:48 (IST)07 Jul 2019
    दिल्ली में बारिश

    दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई है, मौसम विभाग के अनुसार आनेवाले कुछ घंटों में दिल्ली व एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।

    20:40 (IST)07 Jul 2019
    जम्मू में फिर से बढ़ा तापमान

    मानसून की बारिश से तापमान में काफी गिरावट आने के बाद रविवार को जम्मू कश्मीर में तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। हालांकि, श्रीनगर का मौसम सुहावना बना हुआ है।मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि जम्मू में अधिकतम तापमान शनिवार की तुलना में 2.6 डिग्री अधिक 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी 2.5 डिग्री अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    20:39 (IST)07 Jul 2019
    ओडिशा में अगले 48 घंटे में बारिश

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि झारखंड के ऊपर चक्रवाती प्रवाह तेज होने से निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिमी बिहार और झारखंड के ऊपर केंद्रित हो गया है।
    इसके असर से ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में अगले 48 घंटे के दौरान हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश का पूर्वानुमान है । उन्होंने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के भी सक्रिय रहने से उत्तरी ओडिशा के कई जिले में अच्छी खासी बारिश हुई है। राज्य के कुछ हिस्से में 48 घंटे के बाद भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने नौ से 10 जुलाई को देवगढ़, सुंदरगढ़, क्योंझर, कोरापुट और मल्कानगिरी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है ।

    19:52 (IST)07 Jul 2019
    उत्तराखंड में जारी की गई चेतावनी

    उत्तराखंड राज्य आपदा विभाग ने मौसम को देखते हुए चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी 13 जिलों को लेकर की गई है। 13 जिलों के जिलाधिकारियों 8, 9 और 10 जुलाई को एहतियात बरतने को कहा गया है। यह चेतावनी मौसम विभाग द्वारा अगले तीन दिन में खराब मौसम के मद्देनजर जारी की गई है।

    19:42 (IST)07 Jul 2019
    उत्तर प्रदेश में बारिश

    आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण—पश्चिमी मानसून पूरे प्रदेश खासकर पूर्वी हिस्सों में खासा सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हुई।इस दौरान नीमसार में सबसे ज्यादा 22 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा मुहम्मदी और मिश्रिख में सात—सात सेंटीमीटर, घोरावल, काकरधारीघाट और मिर्जापुर में छह—छह सेमी, फुरसतगंज, राजघाट, ज्ञानपुर, छतनाग, दुद्धी, पलियाकलां, भिनगा और लखनऊ में चार—चार सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गयी।

    19:16 (IST)07 Jul 2019
    उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी पानी

    उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बारिश के चलते कई जगह घरों में पानी भर गया है। 

    18:05 (IST)07 Jul 2019
    दिल्ली में बारिश

    दिल्ली में झमाझम के आसार मौसम विभाग ने व्यक्त किए हैं। उसके मुताबिक 10 जुलाई के बाद कम से कम एक पखवाड़े दिल्ली जोरदार बारिश में भीग सकती है।

    17:40 (IST)07 Jul 2019
    बिहार में बारिश

    बिहार के लगभग जिलों में मानसून के बादल छाए हुए हैं। कुछ जगहों पर गरज के साथ छींटे पड़ रहे हैं तो कहीं बूंदाबांदी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, गंगा के तटीय  क्षेत्र, झारखंड और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र में जोरदार वर्षा के आसार हैं।

    16:53 (IST)07 Jul 2019
    बाढ़ के हालात

    गुजरात के कई हिस्सों में बाढ़ के हालात हो गए हैं, भारी बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति है।छोटा उदयपुर में सड़क और पुल पर भी पानी भर गया है।


    15:55 (IST)07 Jul 2019
    उत्तरी और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में राहत

    उत्तरी और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में शनिवार को बारिश हुई जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।अजमेर में 26.8 मिमी, जयपुर में 71.3 मिमी और कोटा में 37.6 मिमी बारिश  हुई। दिल्ली के भी कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को बारिश हुई।

    15:02 (IST)07 Jul 2019
    गुजरात में बारिश

    गुजरात में भारी बारिश के बाद काफी जगहों पर जल भराव हो गया है। कुछ जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं।वालसाड के कई जगहों पर बारिश का पानी जमा हो गया है।

    14:35 (IST)07 Jul 2019
    दिल्ली में आज हो सकती है बारिश

    दिल्ली एनसीआर के लोगों को आज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को दिल्ली एनसीआर के कुछ इलाको में बारिश हो सकती है। 

    13:21 (IST)07 Jul 2019
    अगले 4 दिनों तक खुशनुमा रहेगा मौसम

    मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक मौसम खुशनुमा रहेगा और हल्की-फुल्की बारिश होती रहेगी। उत्तरी और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में शनिवार को बारिश हुई जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

    12:13 (IST)07 Jul 2019
    पटना में रविवार सुबह की बारिश से गिरा तापमान

    बिहार में मानसून की बारिश के चलते रविवार सुबह कई जगहों पर बारिश हुई। जिन जगहों पर बारिश नहीं हुई, वहां बादल छाए रहे। जिससे तापमान में गिरावट आयी है। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान रविवार को 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

    11:25 (IST)07 Jul 2019
    सामान्य से कम हुई बारिश

    मौसम विभाग के अनुसार, इस बार उत्तर प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश 59 फीसदी कम हुई है।

    10:47 (IST)07 Jul 2019
    अभी जारी रहेगा मुंबई में बारिश का दौर

    मुंबई में बारिश का दौर जारी है। शनिवार को भी मुंबई और उसके आसपास के इलाको में भारी बारिश हुई। जिससे कई जगह जलभराव की समस्या हुई। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मुंबई में बारिश का यह दौर आगे भी जारी रहने वाला है।

    09:46 (IST)07 Jul 2019
    दिल्ली में गर्मी से मिली राहत

    मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 26.5 डिग्री से. दर्ज किया गया। विभाग ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी बारिश हुई।

    09:36 (IST)07 Jul 2019
    कई राज्यों में हो सकती है बारिश और ये है वजह

    मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के उत्तर पश्चिम क्षेत्र से बंगाल की खाड़ी के उत्तर पूर्व तक एक टर्फ क्षेत्र बन रहा है। यह टर्फ क्षेत्र राजस्थान, यूपी, झारखंड, पश्चिम बंगाल से होकर गुजर रही है, जिसके चलते ही इन राज्यों में कई जगहों पर बारिश के हालात बन रहे हैं।

    08:57 (IST)07 Jul 2019
    राजस्थान में मानसून की पहली बारिश ने दी गर्मी से राहत

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राजस्थान में पांच जिलों को छोड़कर सभी हिस्सों में मानसून पहुंचा चुका है। कई स्थानों पर शुक्रवार से लेकर अब तक छह से 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि जयपुर, अजमेर और कोटा में शनिवार को अच्छी बारिश हुई। शनिवार तक राज्य के पांच जिलों चुरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और जैसलमेर के अलावा सभी जिलों में मानसून की पहली बारिश हो चुकी है।

    08:24 (IST)07 Jul 2019
    मुंबई में छाए काले बादल, भारी बारिश का अनुमान

    मुंबई में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन को थोड़ा अस्त-व्यस्त कर दिया है। लेकिन मुंबई के लोगों को अभी इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। रविवार को भी घने बादल छाए हुए हैं और भारी बारिश होने का अनुमान है।

    07:43 (IST)07 Jul 2019
    देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

    अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी भागों में अनेक स्थानों तथा पश्चिमी हिस्सों में ज्यादातर इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा भी हो सकती है। यह सिलसिला नौ जुलाई तक जारी रहने की सम्भावना है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई।