Weather Update: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मानसून की बारिश का असर दिखने लगा है। जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आई है। इसी बीच आईएमडी ने सोमवार को एक बड़ी खुशखबरी दी है। आईएमडी चीफ मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पूरे देश में जुलाई में औसत बारिश सामान्य से ज्यादा होने की संभावना है। लंबी अवधि में होने वाली औसत बरसात 28.04 सेमी से यह 106 फीसदी से ज्यादा होगी।
मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों और उत्तर-पश्चिम, पूर्व और दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के ज्यादातर भागों में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी तट को छोड़कर उत्तर-पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने के आसार हैं।
टेंपरेचर को लेकर भी आईएमडी ने दिया अपडेट
मौसम विभाग ने जुलाई के महीने में रहने वाले औसत तापमान को लेकर भी अपडेट दिया है। इसमें कहा गया कि पश्चिमी तट को छोड़कर उत्तर पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने वाला है। इतना ही नहीं, मध्य भारत, पूर्व व उत्तर-पूर्व भारत और पश्चिमी तट के कई भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर भी रह सकता है।
जुलाई में अच्छी बारिश होने के आसार
आईएमडी की तरफ से कहा गया है कि जुलाई में अच्छी मानसूनी बारिश होने के आसार हैं। मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि आम तौर पर देखा गया है कि बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान ज्यादा रहता है। उत्तर पश्चिम भारत में 1901 के बाद बीते महीने जून में 31.73 डिग्री सेल्सियस का औसत तापमान दर्ज हुआ। यह सबसे गर्म रहा। यहां मासिक औसत अधिकतम तापमान 338.03 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.96 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी के मुताबिक, औसत न्यूनतम तापमान 25.44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 1.35 डिग्री ज्यादा है। उत्तर-पश्चिम भारत में जून में औसत तापमान 31.73 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.65 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। साथ ही, साल 1901 के बाद सबसे ज्यादा है।
जून में सामान्य से कम हुई बारिश
आईएमडी ने जून में हुई बारिश को लेकर भी जानकारी दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, देश में जून महीने में 147.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 165.3 मिमी होती है। इस तरह साल 2001 के बाद से यह सातवां सबसे कम बारिश वाला महीना रहा। देश में 11 जून से 27 जून तक 16 दिन सामान्य से कम बरसात हुई है।