पिछले कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत गर्म हो गया है। दोपहर में तेज धूप के चलते लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। इस सबके बीच मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि भारत में फरवरी में मौसम अधिक गर्म और शुष्क रहने की संभावना है।जनवरी में गर्म और शुष्क मौसम के बाद फरवरी में भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान और सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि फरवरी में बारिश दीर्घावधि औसत (1971-2020) 22.7 मिमी के 81 प्रतिशत से कम होने की आशंका है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि पश्चिम-मध्य, प्रायद्वीपीय और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ क्षेत्रों को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है।
भारत के ज्यादातर हिस्सों में तापमान ज्यादा रहने की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में फरवरी में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का पू्र्वानुमान है। आईएमडी के महानिदेशक महापात्रा ने बताया कि इसी तरह पश्चिम-मध्य और प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
महापात्रा ने बताया कि भारत में जनवरी में औसतन 4.5 मिलीमीटर (मिमी) बारिश हुई जो 1901 के बाद से चौथी बार और 2001 के बाद तीसरी बार सबसे कम बारिश दर्ज की गयी। जनवरी में देश का औसत तापमान 18.98 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1901 के बाद से इस महीने का तीसरा सबसे अधिक तापमान था। इससे पहले 1958 और 1990 में फरवरी में तापमान सबसे अधिक था। इससे पहले, आईएमडी ने पूर्वानुमान जताया था कि जनवरी से मार्च के बीच उत्तर भारत में सामान्य से कम बारिश होगी।
पढ़ें- देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लेटेस्ट अपडेट्स
इन राज्यों में छाएगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, 01 फरवरी तक पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में, 2 फरवरी तक उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, असम और मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में और 3 फरवरी तक बिहार में रात्रि/सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
उत्तर भारत के सात मौसम विज्ञान संबंधी उपखंडों (पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, और लद्दाख) में फरवरी 2025 के दौरान मासिक वर्षा सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। पढ़ें- देशभर के मौसम का हाल
(भाषा के इनपुट के साथ)