भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में घने कोहरे की संभावना जताई है। IMD ने जानकारी दी है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से10 डिग्री सेल्सियस और राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में 11 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिल्ली और आसपास के इलाकों में कोहरा बढ़ने की संभावना भी है। जबकि मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि कोहरे के साथ ठंड अब और बढ़ने वाली है।

बढ़ेगा कोहरा और ठंड का असर

मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में कहा कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार से गुरुवार तक सुबह के शुरुआती घंटों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। वहीं मंगलवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में घना से बहुत घना कोहरा रहेगा।

मंगलवार और बुधवार को ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में सुबह घने कोहरे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को और मंगलवार से शनिवार तक असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे की भविष्यवाणी की है।

राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश में 30 से 1 तारीख तक हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर प्रदेश में ठंड और कोहरे पर भी मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट किया है। मौसम विभाग का मानना है कि उत्तर प्रदेश के कई हिस्सो में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। फिलहाल राजधानी दिल्ली में ठंड ने खास असर नहीं दिखाया है लेकिन आने वाले दिनों में यानी 26 से 1 तारीख के बीच ठंड का असर काफी बढ़ सकता है। दिल्ली में कोहरे के असर से भी ठंड के प्रभाव में तेजी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, असम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग जगहों पर ओले पड़ सकते हैं। उत्तराखंड में हल्की बारिश होने के आसार हैं। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश से तापमान में गिरावट आने वाली है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी संभव है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में भी हल्की बारिश संभव है।