Weather Forecast Delhi NCR Punjab Rajasthan Haryana: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को भी दिल्लीवासियों पर ठंड का प्रकोप जारी रहा और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शहर में सुबह कहीं हल्का तो कहीं घना कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान के 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम का यही हाल देश के बाकि हिसों में भी देखने को मिल रहा है। बता दें कि दिल्ली से सटे कुछ राज्यों में कड़ाके की ठंड रही। इन राज्यों में पंजाब फरीदकोट सबसे ठंड स्थान रहा जहां 4.6 डिग्री सेल्सियस , हरियाणा के नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस: मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली का मौसम सप्ताहांत में तापमान के चार डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। ठंडा मौसम, अधिक आर्द्रता और हवा की गति के कम होने का असर लगातार वायु गुणवत्ता पर पड़ रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक बुधवार सुबह 367 रहा जो कि ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। वहीं राजस्थान के अनेक हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और मंगलवार (24 दिसंबर) की रात सीकर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Hindi News Today, 25 December 2019 LIVE Updates:देश-दुनिया की तमाम खबरे पढ़ने के लिए यहां क्लिक करे

राजस्थान में इन जगहों पर सबसे ज्यादा ठंड: मौसम विभाग के अनुसार, बीती रात राज्य के पिलानी में न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस, चूरू में 4.5 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर 5.4 डिग्री सेल्सियस और गंगानगर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बीकानेर में रात का तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस, जयपुर में 7.1 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 9.5 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 10.2 डिग्री सेल्सियस और डबोक में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

हरियाणा और पंजाब में शीतलहर का प्रकोप: मौसम विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, हरियाणा और पंजाब में शीतलहर का प्रकोप जारी है। नारनौल में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले दो दिनों तक ठंड का कहर जारी रहने का अनुमान है। हरियाणा का नारनौल सामान्य के मुकाबले दो डिग्री तक अधिक ठंडा रहा। हिसार में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में करनाल (6 डिग्री से.), रोहतक (5 डिग्री से.), भिवानी (5.7 डिग्री से.), सिरसा (6.1 डिग्री से.) और अंबाला (5.5 डिग्री से.) समेत कई अन्य स्थानों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। बता दें कि पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री से. दर्ज किया गया। लुधियाना (5.5 डिग्री से.), पटियाला (5.8 डिग्री से.), बंठिडा (5.9 डिग्री से.), हलवारा (5.8 डिग्री से.), आदमपुर (7.2 डिग्री से.) और अमृतसर (6.5 डिग्री से.) में भी रात को बहुत ठंड रही।

चंडीगढ़ में तेजी से बढ़ रहा है ठंड:  राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री से. दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा और पंजाब के ज्यादातर स्थानों पर सुबह के समय कोहरा छाया रहा। अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ समेत दोनों राज्यों के अधिकतर स्थानों में एक सप्ताह से दिन का तापमान भी सामान्य से छह से नौ डिग्री कम रह रहा है और यह 11 से 14 डिग्री से. के बीच दर्ज किया जा रहा है। यहां के एक बुजुर्ग निवासी बलदेव सिंह ने बताया कि, ‘‘यहां इन दिनों बहुत ठंड पड़ रही है क्योंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहे हैं। मैंने पिछले कुछ वर्षों में इतनी ठंड नहीं देखी। कोहरे से स्थिति और खराब हो गई है।’’