Cyclone Vayu, Weather forecast Today, Monsoon News Updates: रविवार को दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के बाद मौसम सुहाना हो गया है। बारिश के चलते दिल्ली के तापमान में अच्छी-खासी गिरावट देखने को मिली है। बारिश के बाद दिल्ली के न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली एनसीआर में 19 जून तक मानसून आने का पूर्वानुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने पिछले 12 घंटों में चक्रवात ‘वायु’ की गति धीमी पड़ने के बावजूद इसे अति गंभीर श्रेणी में बताते हुये कहा है कि वायु की दिशा शनिवार को गुजरात के तटीय क्षेत्रों से समुद्र में पश्चिम की ओर हो गयी है। मौसम विभाग ने इसके 17 जून को शाम तक सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान जताया है। इसके अनुसार वायु, अगले 24 से 36 घंटे तक इस गति से पश्चिम दिशा में बढ़ते हुये लगातार कमजोर हो रहा है। विभाग ने इसके बाद वायु की दिशा में बदलाव की संभावना व्यक्त करते हुये कहा है कि इसके उत्तरपूर्व में रुख करने के बाद 17 जून को शाम तक सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय क्षेत्र में पहुंचने का अनुमान है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक खबर के अनुसार, बिहार के पटना में लू लगने से 12 लोगों की मौत हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस पर चिंता जताते हुए दोपहर के समय लोगों से जितना हो सके घर में रहने की सलाह दी है। वहीं राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली। राज्य में चूरू में पारा सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस था, जिसके बाद बीकानेर में 42.6 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
Highlights
गर्मी का असर इस बार कुछ ऐसा रहा कि अपेक्षाकृत ठंडे रहने वाले पहाड़ी इलाके भी इस बार गर्म रहे। हालांकि ज्यादा ऊंचाई पर गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन निचले पहाड़ी इलाकों में भी तापमान 30 के पार चला गया था।
बिहार सरकार ने शनिवार को कहा कि मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए शहर में सभी स्कूल 19 जून तक बंद रहेंगे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार पटना के जिलाधिकारी कुमार रवि ने कहा कि बीते कुछ दिनों से लू की स्थिति को देखते हुए पटना के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल 19 जून तक बंद रहेंगे।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद आज सुबह तेज हवाएं चलने की वजह से गर्मी कम हो गई। मौसम विभाग ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने, गरज, धूल भरी आंधी चलने और बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान 'वायु' समुद्र में पश्चिम दिशा में बढ़ रहा। हालांकि 17 जून को यह उत्तर पूर्व की ओर मुड़ जाएगा, जहां इसके गुजरात में सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय इलाकों में पहुंचने की आशंका है।
ओडिशा में भी लोगों को भीषण गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आई जहां कम से कम आठ जगहों पर पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। तीतलागढ़ और मलकानगिरी 43 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे गर्म रहे।
जयपुर सहित राज्य के अनेक इलाकों में शनिवार को बूंदाबांदी हुई और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में 6.5 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि अजमेर व कोटा में भी बूंदाबांदी हुई।
बिहार सरकार ने बीते कुछ दिनों से लू की स्थिति को देखते हुए पटना के सभी स्कूलों को बुधवार तक बंद रखने का आदेश दिया है। राज्य की राजधानी में बीते दस सालों में सबसे ज्यादा 45.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री ज्यादा है।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान इलाहाबाद में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जिसके बाद सुल्तानपुर में 46.4 डिग्री सेल्यिसस तापमान रहा जो सामान्य से नौ डिग्री अधिक था।
दिल्ली में भी शनिवार को भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे। यहां अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा था।