दिल्‍ली के बिजनेसमैन संजय कपूर की ओर से बॉलीवुड एक्‍ट्रेस करिश्‍मा कपूर पर ‘पैसों के लालच के लिए शादी’ का आरोप लगाए जाने के बाद रणधीर कपूर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि हम कपूर खानदान से हैं और हमारे बारे में सभी जानते हैं। हम दूसरों के पैसे लेकर जीने वाले लोग नहीं हैं। भगवान ने हमें पैसा और टैलेंट दोनों दिए हैं।’

रणधीर ने कहा, ‘संजय थर्ड क्लास आदमी है। मैं कभी नहीं चाहता था कि करिश्मा संजय से शादी करें। संजय एक अय्याश शख्स है। उसने कभी पत्नी का ध्यान नहीं रखा। वो दूसरी औरतों के साथ रहता था। पूरी दिल्ली उसके बारे में जानती है। इससे ज्यादा मैं उसके बारे में कुछ नहीं कहना चाहूंगा।’

आपको बता दें कि संजय कपूर ने हाल ही में बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक के लिए नई याचिका दाखिल की है। इसमें उन्‍होंने करिश्‍मा कपूर पर आरोप लगाया है कि उन्‍होंने पैसों के लिए उनके साथ शादी की थी। अंग्रेजी अखबार ‘मिरर’ के अनुसार याचिका में संजय की ओर से यह भी कहा गया है कि करिश्‍मा एक पत्‍नी और बहू की जिम्‍मेदारी निभाने में असफल रही हैं। साथ ही उन्‍होंने मां की जिम्‍मेदारी को भी ठीक प्रकार से नहीं निभाया।

करिश्‍मा और संजय के दो बच्‍चे (समायरा और कियान) हैं। फिलहाल बच्‍चे मां करिश्‍मा कपूर के साथ ही रहते हैं। संजय ने यह भी दावा किया है कि करिश्‍मा बच्‍चों का इस्‍तेमाल कर रही हैं, ताकि उनसे और ज्‍यादा पैसों की मांग की जा सके। करिश्‍मा कपूर ने उनके बीमार पिता को दोनों बच्‍चों से मिलने नहीं दिया और उनके पिता बच्‍चों से मिलने की उम्‍मीद लिए 6 महीने पहले इस दुनिया को अलविदा कह गए।

दूसरी ओर करिश्‍मा कपूर के वकील क्रांति साठे ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि, ‘संजय झूठी कहानियां बनाकर बच्‍चों के लिए स्थिति को और मुश्किल बना रहे हैं। इससे बच्‍चों पर बुरा असर पड़ सकता है।’ करिश्‍मा के साथ संजय कपूर की शादी 2003 में हुई थी। बड़ी बेटी समायरा वर्ष 2005 में और बेटा कियान वर्ष 2010 में पैदा हुआ था। इससे पहले करिश्‍मा ने आरोप लगाया था कि संजय कपूर उनके साथ बुरा बर्ताव करते हैं।