उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में 8 और 9 जनवरी को शीतलहर का अनुमान है। वहीं आने वाले सप्ताह में दिल्ली में हल्के और मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहेगा तथा नौ जनवरी को बादल छाए रहने एवं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
दिल्ली में शीत लहर की स्थिति को देखते हुए सभी स्कूलों में प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए शीतकालीन अवकाश 12 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, ओड़ीशा में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। पंजाब के अमृतसर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड है और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में भिवानी सबसे ठंडा स्थान रहा और वहां न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति बनी हुई है वहीं कुछ भागों में घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार, अलवर में रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रविवार को उदयपुर, कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। विभाग के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार को गरज के साथ बारिश की संभावना है और इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी उम्मीद है।
उधर, जम्मू में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे गिरकर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कश्मीर में पारा शून्य से पांच डिग्री से अधिक तक नीचे गिर गया। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में जारी भीषण शीत लहर के कारण यहां डल झील और कश्मीर के अन्य जलाशयों की सतह पर बर्फ की एक पतली परत बन गई।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बनिहाल शहर जम्मू क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद डोडा जिले के भद्रवाह में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, तमिलनाडु और केरल में बारिश हुई है। इसके बाद यहां के तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में आज बारिश हो सकती है।