प्रियंका गाँधी मौनी अमावस्या के मौके पर प्रयागराज में थी. प्रयागराज पहुँच कर प्रियंका गाँधी ने संगम में डुबकी लगाने के अलावा नाव की सवारी भी की। इस दौरान प्रियंका गाँधी ने नाविक को पीछे बिठाकर खुद ही नाव चलाया। प्रियंका गाँधी ने अपने ट्विटर अकाउंट से नाव चलाने का वीडियो शेयर किया है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो खूब वायरल भी हो रहा है। प्रियंका गाँधी ने नाव चलाते हुए नाविक से बात भी की।
लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती– सोहन लाल द्विवेदी
A special thanks to our boatman Sujeet Nishad for the joyful ride pic.twitter.com/xrU5kVzxPP
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 13, 2021
अपने प्रयागराज के दौर पर प्रियंका गाँधी सबसे पहले आनंद भवन गईं। आनंद भवन में प्रियंका गाँधी ने जवाहर लाल नेहरु के स्मृति स्थल पर जाकर अपनी श्रद्धांजलि भेंट की। इस दौरान प्रियंका गाँधी ने आनंद भवन स्थित अनाथालय में भी कुछ समय बिताया। उसके बाद प्रियंका गाँधी संगम में डुबकी लगाने पहुंची। डुबकी लगाने के बाद प्रियंका गाँधी नाव की सवारी भी करने गयीं। जहाँ उन्होंने खुद ही नाव चलायी।
प्रयागराज की तस्वीरों को ट्विटर पर शेयर करते प्रियंका गाँधी ने लिखा कि मौनी अमावस्या के दिन देश भर के बहनों भाइयों संग पवित्र संगम पर स्नान का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बहुत दिनों से गंगा जी में नाव चलाने की साध भी पूरी हुई। वहीँ कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने भी प्रियंका गाँधी के द्वारा नाव चलाने का वीडियो शेयर किया है। राजीव शुक्ला ने लिखा है कि संगम में मौनी अमावस्या स्नान के बाद प्रियंका गांधी जी ने नाव चलायी। हर हर गंगे ।
संगम से डुबकी लगाने के बाद प्रियंका शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती से मिलने मनकामेश्वर मंदिर पहुंची। शंकराचार्य से मुलाकात के बाद प्रियंका गाँधी ने ट्विटर पर मुलाकात की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी से मेरी बचपन की स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने मेरे पिता के रहते हुए 1990 में हमारी गृह प्रवेश की पूजा करायी थी। आज उनके सानिध्य में देश और धर्म की उदारता और सद्भाव की चर्चा की।