कर्नाटक के मंगलुरु से रोंगटे खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक मछुआरे को कथित रूप से मोबाइल चोरी के आरोप में साथी मछुआरे द्वारा रस्सी से उल्टा लटकाकर पीटा गया। पुलिस ने मछुआरे को पीटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना में संलिप्त सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह वायरल वीडियो पिछले 15 दिसंबर का है। जहां कर्नाटक में मंगलुरु के मछली वाले बंदरगाह के बंडूर में खड़े एक नाव पर कुछ मछुआरों ने अपने एक साथी मछुआरे को रस्सी के सहारे उल्टा लटका दिया। मछुआरों का आरोप था कि उसके साथी मछुआरे ने मोबाइल चोरी किया। जिसके बाद मछुआरों ने रस्सी से उलटा लटकाने के बाद उस शख्स के साथ मारपीट की। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में एक केस दर्ज किया और सभी आरोपी मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार वायरल वीडियो में दिख रहे पीड़ित मछुआरे का नाम वैला शीनू है। वहीं पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी मछुआरे मूल रूप से आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं। वैला शीनू के साथ हुई मारपीट के वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है पीड़ित मछुआरे को रस्सी और हुक के सहारे लटकाया गया है और उसके दोनों पैर बंधे हुए हैं। साथ ही उसका बदन भी पूरी तरह से नंगा है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार 25 सेकेंड के वायरल वीडियो में शीनू यह कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि उसके पैर सुन्न हो रहे हैं और दर्द कर रहे हैं। लेकिन आरोपी मछुआरों पर शीनू के गुहार लगाने का कोई असर नहीं हुआ। आरोपी मछुआरे बार बार उससे अपना गुनाह कबूल करने के लिए कहते हैं लेकिन शीनू बार बार यह कहता है कि उसने फोन नहीं चुराया था। इतने में वहां मौजूद एक व्यक्ति आगे बढ़ता है और उससे थप्पड़ मारना शुरू कर देता है।
मछुआरे को उलटा लटकाकर मारने का वीडियो सामने के बाद मंगलुरु के पुलिस कमिश्नर एन शशि कुमार ने कहा कि इस मामले में आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तुरंत सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। ( नोट: वीडियो में विचलित करने वाले दृश्य हैं इसलिए वीडियो नहीं लगा पाने का हमें खेद है।)