देश की आजादी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की अस्थि कलश यात्रा का वीडियो इंंटरनेट पर अपलोड कर दिया गया है। राष्ट्रपिता की मौत के बाद उनकी अस्थियां देशभर में प्रवाहित हुई थी। जिनमें से एक का यह वीडियो है। यह करीब 8 मिनट का है। अब सरकार ने गांधी जी की पुण्यतिथि पर इसे अपलोड किया है।
महात्मा गांधी के आखिरी सफर का यह वीडियो 12 फरवरी 1948 का है। 30 जनवरी 1948 को गांधी जी की हत्या कर दी गई थी। यह वीडियो 8 मिनट और 16 सेकेंड का है। जिसे पूरी तरह से डिजिटल बनाकर वेबसाइट पर डाला गया है। आप इस वीडियो को नेशनल कल्चलर ऑडियोविसुअल आर्काइव की आधिकारिक वेबसाइस http://www.ncaa.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।
गांधी जी की मौत के बाद उनकी अस्थियों को देशभर में प्रवाहित किया गया था। माना जा रहा है कि यह पहली अस्थि कलश यात्रा थी। हालांकि इसे लेकर कोई पुष्टि नहीं है। राष्ट्रपिता की अस्थियों का एक कलश कटक की एक बैंक की तिजोरी में 1997 में मिला था। इसके बाद इसे गंगा में प्रवाहित कर दिया गया था। जबकि दुबई में एक भारतीय बिजनेसमैन के पास भी उनकी अस्थियों का कलश था। हालांकि इसे भी 2008 में अरब सागर में प्रवाहित किया गया। इन सबमें दिलचस्प बात यह है कि दोनों घटनाएं संबंधित वर्षों के 31 जनवरी को हुईं। जबकि यह वीडियो मध्य प्रदेश के जबलपुर का है। जो महात्मा गांधी की हत्या के 12 दिन बाद रिकॉर्ड हुआ था।
बता दें कि, 30 जनवरी 1948 को हुई महात्मा गांधी की हत्या को लेकर उनके एक करीबी ने विस्तार से बताया था। महात्मा गांधी के निजी सचिव वी कल्याणम के मुताबिक उस दिन गांधी जी सरदार पटेल की वजह से 15 मिनट ज्यादा जिंदा रहे थे। कल्याणम के मुताबिक, उस वक्त पंडित नेहरू और सरदार पटेल के बीच मतभेद की खबरों से बापू काफी परेशान थे। इसी मुद्दे पर चर्चा करने के लिए उन्होंने पटेल को शाम चार बजे दिल्ली के बिड़ला भवन बुलाया था। हालांकि, इस मुद्दे पर उनकी और पटेल के बीच इतनी लंबी बातचीत हुई कि थोड़ी देर हो गई। बापू को शाम 5 बजे प्रार्थना सभा में जाना था। मगर दोनों के बीच बात ही 5 बजकर 10 मिनट पर खत्म हुई। जिसके बाद वह टॉयलेट गए और वहां से आकर प्रार्थना सभा रवाना हुए।