कर्नाटक से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। इसमें तीन किसानों को कावेरी नदी में कूदकर जान देते हुए दिखाया गया है। ANI की खबर के मुताबिक, यह वीडियो कर्नाटक के मांड्या जिले का है। यह वीडियो शनिवार (10 सितंबर) का बताया जा रहा है। हालांकि, तीनों किसानों को बाद में वक्त रहते बचा लिया गया। माना जा रहा है कि ये लोग कर्नाटक द्वारा तमिलनाडु को कावेरी का पानी दिए जाने से नाराज थे और विरोध जातने के लिए ऐसा कर रहे थे। पानी से निकलने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई थी। कुछ और लोगों ने मांड्या में विरोध प्रदर्शन भी किया था।
इससे पहले कन्नड समर्थक संगठनों ने शुक्रवार (9 सितंबर) को बेंगलुरु समेत राज्य के अधिकतर स्थानों का बंद का आह्वान किया था। इससे वहां का जनजीवन प्रभावित रहा। कन्नड़ समर्थक संगठन तमिलनाडु के लिए कावेरी जल छोड़ने के उच्चतम न्यायायलय के निर्देशों का विरोध कर रहे हैं। इन संगठनों के कुछ कार्यकर्ताओं को केंपेगौड़ा अन्तराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रस्थान टर्मिटल और रेलवे स्टेशन में घुसने के प्रयास के दौरान पुलिस ने रोक लिया और उन्हें हिरासत में ले लिया था। बंद के दौरान राज्य की परिवहन सेवायें बाधित रहीं। सरकारी बसें सड़कों से नदारद रहीं, जबकि आटो-रिक्शा और कैब संगठनों ने भी इस बंद का समर्थन कर है थे।
बेंगलुरु को देश के आईटी हब के रूप में जाना जाता है। लेकिन बंद की वजह से उसकी भी रफ्तार रुक गई। विभिन्न स्थानों से बेंगलुरु पहुंचने वाले और हवाईअड्डे की ओर जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक के सफर के दौरान कठिनाई का सामना करना पड़ा। शहर के शैक्षिक संस्थानों ने शुक्रवार को अपने यहां अवकाश की घोषणा कर दी थी। सरकारी कार्यालयों में भी शुक्रवार, 9 सितंबर को कर्मचारियों की उपस्थिति कम रही थी। कर्नाटक में काफी नाराजगी के मद्देनजर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार (9 सितंबर) को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गतिरोध तोड़ने के लिए दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ‘कुछ घंटों की नोटिस पर’ बैठक बुलाने का अनुरोध भी किया था।
