अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप 24 और 25 फरवरी को भारत दौरे पर हैं। वे इस दौरान अहमदाबाद, आगरा और नई दिल्ली की यात्रा करेंगे। ट्रंप को सोने-चांदी के बर्तन में खाना परोसा जाएगा। जयपुर के डिजायनर अरुण पगवाल ने उनके लिए 3 हफ्ते में स्पेशल कटलरी तैयार की है। इसमें ट्रंप परिवार के लिए 21 तरह से खाने और नाश्ते के लिए शाही थाली तैयार की गई है। इन्हें दिल्ली के आईटीसी मौर्या होटल में भेजा जाएगा। होटल ट्रंप की इस भारत यात्रा को यागदार बनाने में जुटा है। बता दें कि अरुण पगवाल ने बराक ओबामा के लिए भी बर्तन डिजाइन किए थे।
अतिथि देवो भव: की परंपरा को निभाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अरुण पगवाल ने कटलरी के बारे में बताया है कि इसमें गोल्ड प्लेटिंग की गई है। ये ऑर्डर हमें करीब तीन महीने पहले मिल गया था। जैसे ही आॉर्डर मिला तो हमने डिजाइनिंग पर काम शुरू कर दिया। कटलरी के दो-चार डिजाइन अप्रुवल के लिए भेजे गए जिसमें से एक को मंजूरी मिल गई।’
वहीं ट्रंप के दौरे से पहले उनकी सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। दुनिया की सबसे ‘ताकतवर’ शख्स के रोड शो में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की कार को भी एंट्री नहीं दी गई है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने इसकी इजाजत नहीं दी है। दौरे से पहले अहमदाबाद में यूएस सीक्रेट सर्विस ने रिहर्सल की है।
ट्रंप की सुरक्षा सात लेयर में रहेगी। वहीं डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) की एंटी ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यात्रा के दौरान ट्रंप मोदी के समक्ष धार्मिक स्वतंत्रता का मुद्दा उठाएंगे। व्हाइट हाउस ने जानकारी देते हुए कहा है कि अमेरिका, भारत की लोकतांत्रिक परम्पराओं और संस्थानों का बहुत सम्मान करता है लेकिन धार्मिक आजादी का मुद्दा उठाया जाएगा।