ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (AIMIM) के विधायक मुफ्ती मोहम्मद इस्माइल ने विवादित बयान दिया है। इस्माइल ने मालेगांव में एक सभा में कहा कि हम अमन खत्म करना भी जानते हैं। उन्होंने कहा कि यह तो हमारी शराफत है कि हम शांत बैठे हैं।

दरअसल, मालेगांव में गोली चलने की घटना सामने आई थी। इस घटना को लेकर इस्माइल रोष जता रहे थे और इस दौरान उन्होंने विवादित बयान दिया। इस्माइल ने कहा कि शहर में गोली चलने की वारदात सामने आई है, FIR क्यों नहीं लिखा गया? उन्होंने कहा कि पुलिस को ध्यान रखना चाहिए कि अगर हम अमन कायम रखना जानते हैं तो हम अमन खत्म करना भी जानते हैं। हमनें कोई चूड़ियां नहीं पहनी है।

ओवैसी के विधायक ने कहा कि, मेरा सवाल है डिपार्टमेंट से अगर शहर में गोली चलती है, तो कोई केस क्यों दर्ज नहीं किया गया। क्या शहर के लोग बेवकूफ हैं, गोली चलती है और एफआईआर दर्ज नहीं होती। हम भी समझते हैं कि क्या हालात हैं।अगर इस तरह होता रहा तो शहर की आवाम खामोश नहीं बैठेगी।

उनके इस बयान पर विवाद गहरा गया। हालांकि बयान पर बवाल होते देख उन्होंने अपने बयान को लेकर सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि मेरा बयान देश या महाराषट्र के संदर्भ में नहीं था। AIMIM पार्टी सदस्य रिजवान खान के घर पर गोली चली है इस संदर्भ में मैंने ये बयान दिया। मेरे कहने का मतलब था कि हमनें डिपार्टमेंट को शांति बनाए रखने में मदद की है। अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो माहौल खराब हो जाएगा।

बता दें कि यह पहली बार नहीं हैै जब ओवैसी की पार्टी के नेता ने विवादित बयान दिया है। हाल ही में AIMIM नेता वारिस पठान ने विवादित बयान दिया था।उन्होंने कहा कि था कि हम15 करोड़ हैं मगर 100 करोड़ पर भारी हैं ये बात याद रख लेना।