भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्र, एक जाति और एक मजहब में विश्वास करती है, लेकिन आलोचक ‘हमें सांप्रदायिक’ बताते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसने देश को धार्मिक, जातिगत और क्षेत्रीय आधार पर बांटकर देश को ‘‘बर्बाद’’ कर दिया है।
उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर भाजपा के बारे में ‘गलत सूचना फैलाने’ का आरोप लगाया, जबकि उनमें से कुछ खुद जाति और धर्म की राजनीति करके फल-फूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अल्पसंख्यकों, पिछड़ों, अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और महिलाओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारा एक राष्ट्र, एक जाति और एक मजहब में विश्वास है। वे हमें सांप्रदायिक कहते हैं।’’
उन्होंने भाजपा स्थापना दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यह वैचारिक आंदोलन है, एक साधारण राजनैतिक दल नहीं है। हम लोगों की सेवा करने के लिए एक मिशन पर हैं, न कि कमीशन के लिए।’’
नायडू ने कहा कि पूर्वोत्तर, पूर्व और दक्षिण में अपना आधार बढ़ाने के लिए भाजपा हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम समाज के सभी तबकों तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। चाहे वो अल्पसंख्यक हों, पिछड़े, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या महिलाएं, हम इन सभी तबकों पर ध्यान केंद्रित करेंगे।’’
भाजपा के बारे में गलत सूचना फैलाने के लिए विपक्ष पर हमला बोलते हुए नायडू ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और बिहार में जो भी पार्टी हो, इनमें से कुछ पार्टियां जातिगत आधार पर फल-फूल रही हैं, कुछ जातिगत सांप्रदायिक राजनीति कर रही हैं और हमें सांप्रदायिक कहती हैं। उनका मुस्लिम लीग से गठबंधन है लेकिन हमें सांप्रदायिक कहते हैं।’’
संसदीय कार्य और शहरी विकास मंत्री नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोगों तक पहुंचकर गलत सूचना फैलाने वाले अभियान का जवाब देने को कहा। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार के कामकाज को प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का समाधान करने में मदद करने को कहा।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने नगालैंड जैसे राज्य जहां 92 फीसदी ईसाई आबादी है और कश्मीर जहां 60 फीसदी मुस्लिम आबादी है, वहां अच्छा काम किया है।