Vande Bharat Express Ticket: भारतीय रेलवे लगातार नई वंदे भारत ट्रेनों का संचालन कर रही हैं। इस समय देश में 10 रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है। इस ट्रेन को लेकर हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अब देश के विभिन्न इलाकों के सांसद भी वंदे भारत एक्सप्रेस की डिमांड करने लगे हैं।

अब वंदे भारत एक्सप्रेस में ऑक्यूपेंसी को लेकर डेटा सामने आया है। इस डेटा के अनुसार, मुंबई-गांधीनगर रूट (Mumbai Gandhinagar Vande Bharat Express) पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में टिकट को लेकर सबसे ज्यादा मारामारी है। वहीं सबसे कम ऑक्यूपेंसी के मामले में सबसे पहले बिलासपुर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का नाम आता है।

साल 2019 में पहली वंदे भारत एक्सप्रेस लॉन्च होने के बाद अबतक देश में 20 लाख से ज्यादा इस ट्रेन की सवारी कर चुके हैं। वंदे भारत ट्रेनों का एवरेज ऑक्यूपेंसी रेट 100.72 फीसदी है। ऑफिशियल डेटा के अनुसार, बिलासपुर-नागपुर रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस में 55 फीसदी ऑक्यूपेंसी रेट है। बात अगर मुंबई-गांधीनगर रूट की करें तो इसपर ऑक्यूपेंसी रेट 126% है। इस डेटा में हाल ही में लॉन्च की गई दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का डेटा नहीं है।

अन्य ट्रेनों का क्या है हाल?

नई दिल्ली-अंब अदौरा रेलवे स्टेशन के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑक्यूपेंसी रेट 70 फीसदी है जबकि चेन्नई-मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑक्यूपेंसी रेट 75 फीसदी है। गांधीनगर से मुंबई जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ऑक्यूपेंसी रेट 127.74 है। देश की सबसे पहली नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस (New Delhi-Varanasi Vandebharat) में ऑक्यूपेंसी रेट 125.76 फीसदी है। सिंकदराबाद-विशाखापटनम रूट पर भी इतना ही ऑक्यूपेंसी रेट है। जिन ट्रेनों में पैसेंजर्स की वेटिंग लिस्ट है, उनका ऑक्यूपेंसी रेट 100 फीसदी है।

1 लाख से ज्यादा पैसेंजर्स कर चेन्नई-मैसूर रूट पर सवारी

बिलासपुर-नागपुर रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस दिसंबर में लॉन्च होने के बाद 42 फेरे लगा चुकी है। इस दौरान 50 हजार से ज्यादा सवारियों ने इस ट्रेन की सवारी की। बात अगर चन्नई मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस की करें तो यह ट्रेन दोनों तरफ से 68-68 ट्रिप्स पूरी कर चुकी है। इस दौरान 1 लाख 8 हजार सवारियों ने इस ट्रेन में सफर किया। हवाड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी अपने रूट पर हिट साबित हुई है। इसका ऑक्यूपेंसी रेट 104 फीसदी से ज्यादा है। दिसंबर में शुरू की गई यह ट्रेन अबतक 60 हजार से ज्यादा लोगों को अपनी सेवाएं दे चुकी है।