बलिया के एक भाजपा विधायक को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में विरोध का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि एक दुर्गा पूजा पंडाल में भाजपा विधायक की एंट्री पर बैन लगा दिया गया है। बता दें कि मामला बलिया जिले के बेल्थारा रोड से भाजपा विधायक धनंजय कनौजिया से जुड़ा है। आरोप है कि धनंजय कनौजिया पर अपना वादा नहीं निभाने का आरोप है, जिससे लोगों में उनके खिलाफ नाराजगी है।

खबर के अनुसार, मामला नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबड़ा गांव का है। गांव की दुर्गा पूजा समिति गांव में दुर्गा पूजा का आयोजन करती है। जिसमें स्थानीय विधायक भी शिरकत करते हैं। बताया जा रहा है कि बीते साल जब विधायक धनंजय कनौजिया दुर्गा पूजा में शामिल हुए थे, तो उन्होंने वादा किया था कि वह दुर्गा पंडाल के पास इंटरलॉकिंग और स्ट्रीट लाइट लगवाएंगे। हालांकि भाजपा विधायक ने अपना वादा पूरा नहीं किया।

धार्मिक कार्य में अनदेखी से लोगों में भाजपा विधायक के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद भाजपा विधायक धनंजय कनौजिया ने दशहरा के पहले विकास कार्य कराने का वादा किया, लेकिन दशहरा भी आ चुका है और अभी तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ है।

इससे नाराज होकर दुर्गा समिति ने उनके पंडाल में प्रवेश पर रोक लगा दी। लोगों ने इसे लेकर पंडाल के बाहर पोस्टर लगा दिए। इसके साथ ही ये पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिए गए। अभी इस मामले पर भाजपा विधायक की प्रतिक्रिया नहीं मिल पायी है।

बता दें कि भाजपा विधायक धनंजय कनौजिया इससे पहले भी विवादों में आ चुके हैं। दरअसल उन पर पीडब्लूडी विभाग के एक कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा था। बताया गया था कि पीडब्लूडी कर्मी द्वारा गेस्ट हाउस का गेट नहीं खोला गया, तो इस बात से धनंजय कनौजिया इतने नाराज हो गए कि उन्होंने कर्मचारी को पीट दिया था।