उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में पुलिस ने एक महिला से बलात्कार के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अपराधियों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब पीड़िता जिले में अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रही थी। बताया जाता है कि कथित घटना 28 अक्टूबर की है मगर एफआईआर शुक्रवार (1 अक्टूबर, 2019) को दर्ज करवाई गई। सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता संग बलात्कार के दौरान वीडिया भी बना लिया था और इसे सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
इसी बीच पीड़िता की शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। आरोपियों में दो अज्ञात लोग भी शामिल हैं। शनिवार को पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है और रिपोर्ट आने का इंतजार है। वहीं चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान डीजे, कुलदीप और कारतूस के रूप में की गई है। चौथे आरोपी को पकड़ने के लिए खोजी अभियान जारी है। सभी आरोपियों की उम्र बीस साल के करीब है। उन्होंने आगे कहा कि पीड़िता की मेडकल जांच करा ली गई है, बस रिपोर्ट का इंतजार है।
पुलिस अधीक्षक झा के मुताबिक पीड़िता अपने पारिवारिक सदस्य के साथ पुलिस स्टेशन पहुंची और घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपराध का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उन्होंने पुलिस से गुहार लगाने का फैसला लिया।
उन्होंने आगे कहा कि पीडिता ने पुलिस को बताया, ’28 अक्टूबर को वो अपने पारिवारिक सदस्य के साथ रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी बीच रास्ते में चार युवाओं ने उसे पकड़ लिया। वो जबरन उसे एक एकांत जगह पर ले गए और बलात्कार किया। उसने पुलिस को बताया कि उसका मौजूद रिलेटिव घटनास्थल से भाग गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसका मोबाइल सहित अन्य सामान भी ले गए।’