उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 60 साल की महिला मिथलेश मिश्रा पिछले 10 दिन से अपने पोते के शव के साथ रह रही थी। उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। महिला के 17 वर्षीय पोते की अज्ञात परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची और महिला को घर से बाहर निकाला।
जब पड़ोसियों को घर से बदबू आने लगी तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस ने कहा कि जब वे घर में घुसे तो उन्होंने देखा कि महिला कीड़ों से संक्रमित एक शव को धो रही थी। बाराबंकी के पुलिस उपाधीक्षक बीनू सिंह ने कहा कि शव की परीक्षण रिपोर्ट में लड़के की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने लड़के के विसरा को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेज दिया है। उनके रिश्तेदार ने कहा कि शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है जबकि महिला की देखभाल की जा रही है। पड़ोसियों ने बताया कि महिला के बेटे बहू की काफी साल पहले एक सड़के हादसे में मौत हो गई थी। तभी से वह अपने पोते प्रियांशु के साथ रह रही थीं। जिस समय प्रियांशु के माता-पिता की मौत हुई, तब वह 5 साल का था।
पुलिस ने कहा कि महिला इस बात से अनजान थी कि उसके पोते की मौत हो गई है और वह शव के पास सो रही थी। उसके पड़ोसियों ने कहा कि उन्होंने आखिरी बार प्रियांशु को दस दिन पहले देखा था और महिला को पांच दिन पहले उनके घर के बाहर देखा गया था। उसने कुछ पड़ोसियों को बताया था कि उसका पोता अस्वस्थ है और वह उसे जल्द ही अस्पताल ले जाएगी।
वहीं, गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना विहार कॉलोनी में एक 23 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान परवेज के रूप में हुई है और वह लोनी थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद का रहले वाला था। उन्होंने बताया कि वह गुरुवार को देर रात खोड़ा थाना क्षेत्र की वंदना विहार कॉलोनी में अपनी दोस्त से मिलने उसके घर गया था।
पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता संजय ने झूठी कहानी सुनाई कि वह कीमती सामान और नकदी चुराने के इरादे से घर में घुस आया था। उन्होंने बताया कि पिटाई के बाद घायल लड़के को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि परवेज के भाई आसिफ की शिकायत के आधार पर संजय उनके भतीजे अमन और रंजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।