उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव करीब हैं और ऐसे में सभी पार्टियां कुछ खास वादा कर रही हैं। इस बार कांग्रेस महिलाओं के भरोसे उत्तर प्रदेश में अपनी स्थिति सुधारना चाहती है। इसीलिए प्रियंका गांधी को वहां का प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि पार्टी की तरफ से 40 फीसदी महिलाओं को चुनाव का टिकट दिया जाएगा। बीते दिनों अयोध्या में न्यूज चैनल के एक कार्यक्रम के दौरान जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सवाल पूछा गया कि आप महिलाओं के लिए क्या करेंगे?

सीएम योगी ने जवाब में एक और सवाल दाग दिया। उन्होंने कहा, ‘फिर कांग्रेस किसी आम महिला को अपना अध्यक्ष क्यों नहीं बनाती है?’ उन्होंने कहा, आराधना मिश्रा को बना दो राष्ट्रीय अध्यक्ष। या किसी और को बना दो जिसका पूरा खानदान कांग्रेस में रहा है। कई वर्ष हो गए कोई अध्यक्ष ही नहीं मिल रहा है। खानदान में योग्य व्यक्ति नहीं है तो पद खाली ही रहेगा।

भाजपा की तरफ से भी 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने पर जब पूछा गया तो योगी ने कहा, मैं भी महिलाओं का समर्थक हूं किंतु कुछ धरातल पर तो हो। यदि कोई कहे कि मैं हिमालय पर धान उगाऊंगा और लोगों को ट्रैक्टर दूंगा। तो यह संभव नहीं है। कांग्रेस वाले रेगिस्तान में धान की खेती करना चाहती है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का कुछ बचा नहीं है।

इसी बीच योगी से पूछा गया कि समाजवादी पार्टी तो बड़ी चुनौती है और लखीमपुर खीरी की भी समस्या चुनौती बनी हुई है। इसपर योगी ने कहा कि लखीमपुर की सातों सीटें भाजपा जीतेगी आप मुझसे लिखकर ले लीजिए। पिछली बार 325 सीटें जीती थीं, इस बार उससे भी ज्यादा सीटें जीतेंगे। योगी ने कहा, हम वहीं हारे थे जहां अति आत्मविश्वास था। बाकी जगहों पर भाजपा विजयी रही है। पंचायत चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी ने झंडा गाड़ा है।