बिहार के भागलपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजे की गोली लगने से मौत हो गई है। भागलपुर के नवगछिया का ये मामला है। यहां पर भाइयों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें एक की मौत हो गई और दो घायल हो गए। मृतक की पहचान विश्वजीत के रूप में हुई है।

पानी के मामले को लेकर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विश्वजीत का उनके परिवार के साथ ही पानी के मामले को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि बात गोलीबारी तक जा पहुंची। इस गोलीकांड में विश्वजीत की मौत हो गई है। जबकि उनकी मां और भाई जयजीत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जयजीत की हालत गंभीर बनी हुई है।

जैसे ही घटना की जानकारी पुलिस को लगी, तुरंत वह मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि नित्यानंद राय के भांजे विश्वजीत राय और जयजीत राय के बीच झगड़ा हुआ और दोनों ने एक दूसरे पर गोली चला दी। इस गोलीकांड में विश्वजीत राय की मौके पर ही मौत हो गई। अभी तक घटना पर नित्यानंद राय या उनके परिवार की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

‘पापा ड्रम में हैं…’ सौरव-मुस्कान की 6 साल की बेटी ने पड़ोसियों के सामने खोला राज, बच्ची की बात सुन उड़ गए सभी के होश

नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार ने कहा कि सुबह हम लोगों को सूचना मिली कि जगतपुर में दो भाइयों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी है। उन्होंने कहा, “परबत्ता के एसएचओ मौके पर पहुंचे। जिनको गोली लगी थी उनको अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर एसडीपीओ भी अस्पताल पहुंचे। एक व्यक्ति की मौत हो गई है। झगड़े के दौरान दोनों जो भाई हैं, उनकी मां बीच में आ गईं तो उनके हाथ में भी गोली लगने की सूचना मिली है। उनका भी इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नल को लेकर विवाद बढ़ा था और उसके बाद बात इतनी बढ़ गई कि दोनों भाइयों ने एक-दूसरे को गोली मार दी।”

वहीं मीडिया से बात करते हुए मृतक विश्वजीत यादव की पत्नी मनीषा ने बताया कि मामला जमीन विवाद का वर्षों से चल रहा है। उन्होंने कहा कि आज छोटे विवाद से यह बड़ा रूप ले लिया और यह विवाद जमीन को लेकर रात में भी हुआ था। मनीषा ने रोते हुए कहा कि मेरे दो-दो बच्चे हैं, अब कैसे रखूंगी?