Maharashtra Assembly Elections 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव होने में महज कुछ ही दिन का समय बाकी है। इससे पहले केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बागियों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे फसल बढ़ती है, बीमारियां भी बढ़ती हैं। भारतीय जनता पार्टी के पास में बहुत सारी फसलें हैं, जो अच्छे अनाज के साथ-साथ कुछ बीमारियां भी लाती हैं, इसलिए हमें ऐसी बीमार फसलों पर कीटनाशकों का छिड़काव करना होगा।

एक समाचार चैनल को दिए गए इंटरव्यू में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। अलग-अलग कारणों से नए लोग आ रहे हैं। उन्हें ट्रेनिंग देना, विचारधारा के बार में बताना और कार्यकर्ता बनाना हमारी जिम्मेदारी है। हमारी कोशिश लगातार जारी है। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि एक हजार कार्यकर्ता खड़े होते हैं, लेकिन कभी-कभी एक कार्यकर्ता कुछ कह देता है और उन हजार कार्यकर्ताओं की कोशिश खराब हो जाती है।

मेरी महाराष्ट्र में कोई भूमिका नहीं- गडकरी

जब नितिन गडकरी से इंटरव्यू में सवाल किया गया कि महाराष्ट्र में हार के बाद नड्डा और अमित शाह ने स्थानीय नेताओं के साथ कई सारी मीटिंग की तो वे इन मीटिंग में मौजूद नहीं थे। इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरी महाराष्ट्र में कोई भूमिका नहीं है। यहां के नेता पूरी तरह से सक्षम हैं और जब भी मेरी जरूरत होगी तो मैं हमेशा मौजूद रहूंगा।

 मुंबई में रोहिंग्या की आबादी बढ़ी, हिंदुओं की घट रही- बीजेपी नेता का बड़ा बयान

सरकार धर्मनिरपेक्ष होनी चाहिए- केंद्रीय मंत्री

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि कोई व्यक्ति कभी धर्मनिरपेक्ष नहीं हो सकता, लेकिन राज्य, सरकार और प्रशासन को धर्मनिरपेक्ष होना होगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हमारे देश में मतभेद कोई समस्या नहीं है, बल्कि विचार की कमी एक समस्या है। गडकरी ने कहा, “सुविधा की राजनीति महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि दृढ़ विश्वास की राजनीति महत्वपूर्ण है।

केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर भी जोर डाला कि कांग्रेस ने कभी ग्रामीण भारत के विकास के बारे में नहीं सोचा। अगर ग्रामीण भारत के विकास के बारे में सही से सोचा होता तो किसान आत्महत्या नहीं करते और गांवों में गरीबी नहीं होती। भारत के 75 साल के इतिहास में कांग्रेस ने लगातार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की उपेक्षा की है।