गुजरात के पालनपुर में एक निर्माणाधीन पुल अचानक गिर गया। यह पुल रेलवे लाइन के ऊपर बनाया जा रहा था। हालांकि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, क्योंकि उस दौरान पटरी से कोई ट्रेन नहीं गुजर रही थी। अगर पटरी से कोई ट्रेन गुजरती और उसे दौरान यह पुल गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पालनपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर रेलवे ओवरब्रिज के एप्रोच गार्डर के गिरने की घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के सड़क निर्माण विभाग के गुणवत्ता नियंत्रण के अधीक्षण अभियंता, डिजाइन सर्कल के अधीक्षण अभियंता और जीईआरआई के अधीक्षण अभियंता को इस दुर्घटना के प्राथमिक कारणों का पता लगाने के लिए तुरंत पालनपुर पहुंचने का आदेश दिया है।

निर्माणाधीन ब्रिज के टूटने की घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर कांप गए और भाग खड़े हुए। आरटीओ सर्किल पर निर्माणधाीन इस ओवरब्रिज को गुजरात का सबसे ऊपर ब्रिज बताया जा रहा था। पुल के टूटने पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। मलबे में एक रिक्श चालक भी दब गया और उसकी मौत हो गई।

पालनपुर विधायक अनिकेत ठाकर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस पुल का निर्माण करीब डेढ़ से दो साल पहले शुरू हुआ था। यह पुल अगले साल जनवरी में पूरा होना है। अभी अधूरा है, बनने की प्रक्रिया में है। यह पुल पालनपुर हाईवे पर है।

वहीं जिले के कलेक्टर वरुणकुमार बरनवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पालनपुर में पुल गिरने की घटना सामने आने पर हम जिला प्रशासन के साथ घटनास्थल पर हैं। हम वर्तमान में साइट से मलबा हटाने के लिए आवश्यक व्यवस्था कर रहे हैं।

घटना के बाद कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। गुजरात कांग्रेस के नेता अमित चावड़ा ने बीजेपी पर बड़ा हमला किया है। उन्होनें कहा पालनपुर आरटीओ सर्कल के पास एक ओवरब्रिज ढह गया। इस हादसे में रिक्शा चालक समेत तीन लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यह कोई पुल नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार का विकास है। एक बार फिर अधिकारी बदले जाएंगे।