महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर से उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। उद्धव ठाकरे ने संजय राउत को एक इंटरव्यू दिए, जिसे ठाकुर गुट द्वारा शिवसेना (UBT) के टि्वटर हैंडल पर शेयर किया गया। हालांकि ये इंटरव्यू का सिर्फ प्रोमो है। पूरा इंटरव्यू दो भागों में बुधवार और गुरुवार को रिलीज किया जाएगा।

एकनाथ शिंदे पर उद्धव ठाकरे ने साधा निशाना

देवेंद्र फडणवीस ने कुछ दिन पहले बयान दिया था कि 2019 में उद्धव ठाकरे ने उनकी पीठ में छुरा घोंपा था। देवेंद्र फडणवीस के बयान पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगर हमने आपकी पीठ में छुरा घोंप तो फिर एनसीपी ने ऐसा क्या किया कि आप उनके साथ चले गए। इसके अलावा उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी निशाना साधा।

एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी सरकार बही नहीं बल्कि केकड़ों ने तोड़ी है। उद्धव ठाकरे ने एकनाथ शिंदे का नाम तो नहीं लिया लेकिन महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की तुलना केकड़े से कर दी।

27 जुलाई को उद्धव ठाकरे का जन्मदिन है लेकिन इस बार वह अपना जन्मदिन नहीं मना रहे हैं। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी में भूस्खलन होने के कारण उन्होंने अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला लिया है। इसके पहले अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने भी अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया था।

मुख्यमंत्री बदले जाने की अटकलों को लेकर देवेंद्र फडणवीस ने दिया बड़ा बयान

वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री बदले जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अटकलों को सिरे से ख़ारिज करते हुए कहा है कि अभी सीएम एकनाथ शिंदे हैं और महायुति के सीएम वहीं बने रहेंगे। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आजकल कई वरिष्ठ नेता अटकलें लगाते हुए देखे जा सकते हैं। वे जितना चाहे अटकलें लगा सकते हैं। जब हमने महायुति गठबंधन बनाया था, तो तीनों दलों के तीनों नेताओं का स्पष्ट मानना था कि सीएम एकनाथ शिंदे हैं और वह महायुति के सीएम बने रहेंगे। इसमें कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है।