Maharashtra Election Results 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी की बहुत बड़ी हार हुई है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली महायुति ने बहुमत के आंकड़े से भी ज्यादा सीटें हासिल की हैं। सत्तारूढ़ महायुति को 235 सीटें मिली हैं। वहीं विपक्षी अलायंस को महज 49 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। महाविकास अघाड़ी में शिवसेना यूबीटी को 20, कांग्रेस को 16 और शरद पवार की एनसीपी को महज 10 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। 128 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना राज्य में एक भी सीट नहीं जीत सकी। पिछले विधानसभा चुनाव में इसका एक विधायक विधानसभा गया था। इस बार तो हालत ऐसी हो गई कि सिटिंग एमएलए भी हार गया।
अब साल 2019 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो उस समय शिवसेना एकजुट थी तो उसने राज्य में करीब 56 सीटों पर जीत दर्ज की थी। बंटवारे के बाद केवल 13 विधायक की उद्धव ठाकरे के पास रह गए। इस चुनाव में दोनों राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे को काफी नुकसान हुआ है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पास इस समय 20 विधायक हैं। वहीं राज ठाकरे के पास कोई भी विधायक नहीं बचा है। इस वजह से ठाकरे की दोनों पार्टियों को एकजुट होना होगा।
क्या शिवेसना यूबीटी और मनसे मिलाएंगे हाथ
लोकसत्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, मराठी लोगों के मुद्दे, मराठी अस्मिता मनसे और शिवसेना यूबीटी दोनों पार्टियों का मूल एजेंडा है। दोनों दलों के शुभचिंतकों और नेताओं की राय है कि मराठी लोगों की खातिर उन्हें एक साथ आना होगा। तो अब विधानसभा में हार के बाद हर कोई यही सोच रहा है कि क्या ये दोनों भाई हाथ मिलाएंगे। इस मामले पर संजय राउत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
राज ठाकरे ने बचा ली लाज वरना 10 सीटों पर सिमट जाती उद्धव सेना
संजय राउत ने क्या कहा
दोनों भाइयों के एकसाथ आ जाने के मामले पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने कहा कि ये सवाल राज ठाकरे या उद्धव ठाकरे तक ही सिमट कर नहीं रह जाता है। जो कोई भी महाराष्ट्र से प्यार करता है उसे एक साथ आना चाहिए। चाहे प्रकाश आंबेडकर ही क्यों ना हो, उन्हें भी एक हो जाना चाहिए। आंबेडकर मराठी नहीं हैं? क्या उन्हें महाराष्ट्र को कुछ नहीं देना होगा? संयुक्त महाराष्ट्र के संघर्ष में बाबा साहब अंबेडकर का योगदान था। उनका यह भी मानना था कि महाराष्ट्र के मराठी लोगों को एक रहना चाहिए। इतना ही नहीं राउत ने कहा कि महाराष्ट्र की ये हालत देखकर जो भी लोग चिंतित हैं वो एक साथ आ जाएंगे।