BMC Elections: शिवसेना यूबीटी के प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के राज ठाकरे ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी मुंबई नगर निगम चुनावों के लिए अपना संयुक्त घोषणापत्र जारी किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे बंधुओं ने मुंबई की जनता के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। आइए जानते हैं कि ठाकरे ब्रदर्स ने क्या-क्या घोषणाएं की है।

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे द्वारा मुंबईकर के लिए जारी किए गए इस घोषणापत्र में टैक्स माफी का भी जिक्र है। जिसके अनुसार अब 700 वर्ग फुट तक के घरों पर प्रॉपर्टी टैक्स पूरी तरह माफ किया जाएगा। 10 रुपये में खाना और बेक्रफास्ट दिया जाएगा। हर एक वार्ड में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।

मुंबई नगर निगम में खाली पदों को भरा जाएगा। वहीं शिक्षा को लेकर इस घोषणापत्र में लिखा है कि नगर निगम के स्कूलों को बिल्डरों के हाथों में नहीं जाने दिया जाएगा। मुंबई नगर निगम बाबासाहेब अंबेडकर के नाम पर दुनिया की सबसे बड़ी लाइब्रेरी बनाएगा। इसके अलावा, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जाएगा। पानी की कीमतें स्थिर रखकर मुंबई वासियों को पानी उपलब्ध कराया जाएगा। मुंबई में नालियों की सफाई का काम 12 महीने तक चलेगा। मुंबई के लोगों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। महिलाओं और छात्रों के लिए स्पेशल BEST बसों में फ्री यात्रा का भी घोषणा पत्र में जिक्र है।

हम चुनाव आयोग को चुनौती देते हैं- उद्धव ठाकरे

शिवसेना यूबीटी चीफ उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी पर भी हमला बोला है और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, “यह अब लोकतंत्र नहीं, झुंडशाही बन गया है। अगर हम उन्हें वोट चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ भी लें, तो अब उन्होंने उम्मीदवारों को भी चुराना शुरू कर दिया है। हमारी तुलना प्रधानमंत्री मोदी से नहीं की जा सकती, जिन्होंने कैलाश पर्वत बनवाया, गंगा को धरती पर लाया। समुद्र मंथन उन्होंने ही किया था। हम आज भी छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समुद्र से निकलने का इंतजार कर रहे हैं, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने वर्षों पहले पूजा की थी। हम चुनाव आयोग को चुनौती देते हैं, सभी रिटर्निंग अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड दिखाएं, हम देखना चाहते हैं।”

ये भी पढ़ें: मुंबई नगर निगम चुनाव: डेवलपमेंट फंड के बंटवारे में बड़ा अंतर, क्या सत्ताधारी गठबंधन को मिला 99% फायदा?

उद्धव ठाकरे ने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर द्वारा उम्मीदवारों और वोटरों को खुलेआम धमकाना बेहद चौंकाने वाला है। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, उन्हें तुरंत निलंबित किया जाना चाहिए। वे अधिकारियों को नेताओं की सुरक्षा हटाने का आदेश देते हैं, विधानसभा के अंदर उनका यह अधिकार है, बाहर नहीं। राहुल नारवेकर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। आपने निर्विरोध उम्मीदवारों को चुनकर मतदाताओं से मतदान का अधिकार छीन लिया है। इन स्थानों पर उपचुनाव होने चाहिए।”

महाराष्ट्र ने देश को दिशा दिखाई है- राज ठाकरे

एमएनएस चीफ राज ठाकरे ने भी बीजेपी पर हमला बोला है। राज ठाकरे ने कहा, “बीजेपी पश्चिम बंगाल के निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट गई थी, मैं जानना चाहता हूं कि अब वही पार्टी महायुति के निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों के बारे में क्या सोचती है। कोई भी स्थायी सत्ता लेकर नहीं आता, अगर उन्हें लगता है कि उन्हें कभी सरकार से नहीं हटाया जा सकता, तो उन्हें फिर से सोचना चाहिए। मैं यह बात सालों से कहता आ रहा हूं, वे महाराष्ट्र को उत्तर प्रदेश और बिहार में बदल रहे हैं। महाराष्ट्र ने देश को दिशा दिखाई है। जो लोग राजनीति में आना चाहते हैं, वे अपनी विचारधारा बदल रहे हैं।”

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र बीजेपी में बगावत, कई नेताओं ने दिया इस्तीफा, निगम चुनाव में वोटिंग से पहले मुसीबत में पार्टी