Clash in JNU: दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विवि. के कैंपस में गुरुवार(10 नवंबर, 2022) को छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मामला तब और ज्यादा बिगड़ गया जब बाहरी लोगों ने भी इसमें दखल दिया। संघर्ष में दो छात्रों को मामूली चोटें आईं हैं। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस कैंपस में पहुंच गई और स्थिति को संभाला। पुलिस का कहना है कि विवाद में शामिल छात्रों की धरपकड़ की जा रही है।
जेएनयू छात्र संघ की पार्षद अनघा प्रदीप ने कहा कि जब हमें दोपहर में एक मैसेज मिला कि कारों में लाठी और ट्यूबलाइट लेकर लोगों की भीड़ यहां आ रही है तो जेएनयूएसयू अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस को सूचित किया। उन्होंने कहा कि जेएनयू सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बार-बार विफस साबित हुआ है।
अनघा प्रदीप ने कहा कि हमें कल रात नर्मदा छात्रावास में हंगामे की जानकारी मिली थी। जिसमें एक छात्र को बुरी तरह पीटा गया। इससे पहले सतलुज हॉस्टल में मारपीट भी हुई थी। सिक्योरिटी ऑफिस को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद जेएनयू प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
पुलिस ने कहा कि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है और न ही कोई गिरफ्तारी/हिरासत की गई है। लड़ाई दो छात्रों के बीच एक निजी मामले को लेकर हुई थी। वहीं विश्वविद्यालय परिसर से एक कथित वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोगों के हाथों में लाठियां-डंडे हैं।
डीसीपी (साउथवेस्ट) मनोज सी ने कहा, ‘शाम 5 बजे के आसपास जेएनयू के नर्मदा हॉस्टल के पास छात्रों के आपस में लड़ने के बारे में एक पीसीआर कॉल की गई थी। छात्रों की लडाई एक निजी मामले को लेकर हुई थी। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमें कॉलेज से लड़ाई के बारे में जानकारी मिली। दो छात्रों में एक निजी मामले को लेकर विवाद हुआ। उसके बाद उनके दोस्तों ने लड़ाई में साथ दिया। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है। सूत्रों ने कहा कि परिसर में क्षेत्र के एसएचओ, एसीपी और स्थानीय कर्मचारी मौजूद हैं। कुछ गेटों को सील कर दिया गया है और प्रवेश की अनुमति नहीं है।
जेएनयू के रेक्टर अजय दुबे ने आरोपों के बाद दे दिया था इस्तीफा
बता दें, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के रेक्टर अजय कुमार दुबे ने अपने पद से अगस्त, 2022 में इस्तीफा दे दिया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और कुछ टीचर्स ने पिछले कुछ दिनों से दुबे के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। यह लोग लगातार दुबे के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। शिक्षकों और छात्रों ने अजय कुमार दुबे के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे और वो उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसके बाद दुबे को आखिरकार इस्तीफा देना पड़ा था।