गुजरात के जूनागढ़ में हुए एक दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे में पांच छात्र भी मारे गए हैं। हादसा जेतपुर- वेरावल हाईवे पर भंडुरी गांव के पास हुआ है। दो कारों की भिड़ंत हुई। एक कार में परीक्षा देने जा रहे पांच छात्र थे जबकि दूसरी कार में 2 लोग सवार थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सभी की मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच शुरू कर दी है।
क्या जानकारी है?
यह सड़क हादसा जेतपुर- वेरावल हाईवे पर भंडुरी गांव के सुबह 8 बजे हुआ। भिड़ंत इतनी खतरनाक थी कि सभी की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ था भीषण हादसा
दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी भीषण बस हादसा हुआ था। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह घटना कन्नौज जिले में हुई थी। डबल डेकर बस और तेल टैंकर की आमने-सामने की टक्कर जोरदार थी कि बस और टैंकर में तुरंत आग लग गई थी।
जब यह घटना हुई तो मौके से योगी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी गुजर रहे थे। उन्होंने घायलों की मदद की। उन्होंने X पर लिखा, “लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर जनपद कन्नौज में हुई बस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को प्रशासन एवं स्थानीय लोगों की मदद से सहायता पहुंचाई। दुर्घटना स्थल पर बचाव कार्य जारी है। जनपद के जिलाधिकारी एवं एसपी दुर्घटना स्थल पर मौजूद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि इस दुखद घटना में अपनी जान गंवाने वाले यात्रियों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”
अफ्रीकी देश नाइजीरिया में फ्यूल टैंकर में हुआ ब्लास्ट, 48 लोगों की मौत
समाजवादी पार्टी ने भी इस सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया था। सपा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अत्यंत दुःखद! कन्नौज में भीषण सड़क हादसे में लोगों के हताहत होने की खबर, हृदय विदारक। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दें, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं. पीड़ित परिवारों को मुआवजा दे सरकार।”