किसान बड़ी संख्या बैरिकेड्स को तोड़कर दिल्ली में दाखिल हो गए हैं। आईटीओ पर किसानों ने पुलिस के जवानों पर ही हमाल कर दिया। पुलिसवाले वहां से जान बचाकर भागने लगे और किसान उन्हें दौड़ाने लगे।इस बीच एक जवान बेहोश भी हो गया। किसान नेताओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दावे धरे के धरे रह गए। राजधानी दिल्ली में जमकर हंगामा हो रहा है और कई जगहों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़ रहे हैं।
किसान नेता राकेश टिकैत का दावा है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हो रहे हैं। किसान दिल्ली पुलिस के पुराने मुख्यालय के पास हैं। यहां से इंडिया गेट की भी दूरी महज दो किलोमीटर है। ट्रैक्टरों पर तिरंगे लगे हुए हैं और गाने बज रहे हैं।
किसानों का रूट पहले से ही तय कर दिया गया था लेकिन वे लालकिले तक जाने के लिए अड़े थे। ऐसे में पुलिस के रोकने के बावजूद बैरिकेड तोड़ते हुए वे दाखिल हो गए। पूरी दिल्ली में ट्रैफिक जाम की स्थिति है। आईटीओ की तरफ जाने वाले रास्तों को भी बंद कर दिया गया है। दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, आईटीओ मेट्रो स्टेशन, इंद्रप्रस्थ और ग्रीन लाइन के सभी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकासी द्वारों को बंद कर दिया गया है। किसानों की रैली लालकिले तक पहुंच गई है।
#WATCH Protesters break barricade, attack police personnel and vandalise police vehicle at ITO in central Delhi pic.twitter.com/1ARRUX6I8E
— ANI (@ANI) January 26, 2021
किसान लालकिले की प्राचीर पर चढ़ गए और अपने-अपने संगठनों के झंडे लहराने लगे। यहां जमकर हुड़दंग देखने को मिल रहा है। शांति की अपील के बावजूद किसान अतिउत्साह में दिखायी दिए। खास बात यह है कि इन तथाकथित किसानों के साथ किसान नेता नहीं दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने किसानों से बातचीत के दौरान पहले भी हिंसा की आशंका जताई थी। इसी को देखते हुए दिल्ली में प्रवेश करने के लिए सीमित संख्या में ट्रैक्टरों को अनुमति दी गई थी। लेकिन जब किसानों की एंट्री शुरू हुई तो वे बैरिकेड तोड़कर और पुलिस की अनसुनी करते हुए घुसते चले आए। दिल्ली में कानून और यातायात व्यवस्था को लेकर चुनौती बनती नजर आ रही है।