Mukhya Samachar: खबरों के लिहाज से मंगलवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। बिहार चुनाव को लेकर महागठबंधन की ओर आज शाम 4.30 बजे चुनावी घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘मोंथा’ मंगलवार शाम या रात के समय आंध्र प्रदेश से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके अलावा 28 अक्टूबर से 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। छठ महापर्व का मंगलवार को आखिरी दिन है। 4 दिन का ये महापर्व 25 अक्टूबर को नहाय खाय से शुरू हुआ था। आज उगते सूरज को ‘ऊषा अर्घ्य’ देने के बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास खत्म हो गया। दिल्ली में आज क्लाउड सीडिंग हो सकती है, इसके जरिए राजधानी में कृत्रिम बारिश होगी।
महागठबंधन का घोषणा पत्र
छठ पूजा के त्यौहारी शांत माहौल के खत्म होने के साथ ही, चुनावी राज्य बिहार में मंगलवार से राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है। विपक्षी दल महाठबंधन अपना घोषणापत्र जारी करने की तैयारी में है। यह घोषणापत्र कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राज्य में अपने अभियान की शुरुआत से ठीक एक दिन पहले जारी किया जाएगा। घोषणापत्र जारी होने के साथ ही राजद के तेजस्वी यादव के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन के अभियान की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी, जिन्हें महागठबंधन ने अपने मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
चक्रवात मोंथा
बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘मोंथा’ मंगलवार शाम या रात के समय आंध्र प्रदेश से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। चक्रवात अभी चेन्नई से 420 किलोमीटर, विशाखापत्तनम से 500 किलोमीटर और काकीनाडा से 450 किलोमीटर दूर है और 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। पूरा तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट पर है। चक्रवात मोन्था के कारण भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अधिकारियों ने स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और ओडिशा में सभी आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूल 30 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। पढ़ें लाइव अपडेट्स…
एसआईआर की शुरुआत
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के दूसरे चरण यानी एसआईआर 2.0 की घोषणा कर दी है। इसके लिए आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शेड्यूल और नियमों के बारे में बताया। मंगलवार यानी 28 अक्टूबर से 12 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में शुरू होने वाले एसआईआर 2.0 की फाइनल लिस्ट 7 फरवरी को जारी की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…
दिल्ली में क्लाउड सीडिंग
दिल्ली में आज क्लाउड सीडिंग हो सकती है, इसके जरिए राजधानी में कृत्रिम बारिश होगी। एक अधिकारी ने कहा, “मंगलवार सुबह छठ पूजा के कारण क्लाउड सीडिंग संभव नहीं हो सकेगी, लेकिन अगर शाम तक मौसम अनुकूल रहा तो यह कार्य जरूर किया जाएगा।” इस साल मौसम संबंधी चुनौतियों के कारण राजधानी में क्लाउड सीडिंग कई बार लेट हो चुकी है। बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने 23 अक्टूबर को बुराड़ी से कानपुर रूट पर आईआईटी कानपुर की मदद से इसका पहला परीक्षण किया। इसे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक ऐतिहासिक कदम बताया।
