खबरों के लिहाज से बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिरों में उमड़ी है। दिल्ली सरकार आज पुराने किले में इंद्रप्रस्थ उत्सव मनाएगी। वहीं, भारतीय मूल के जोहरान ममदानी को न्यूयॉर्क सिटी का मेयर चुना गया। आइए जानते हैं आज की बड़ी खबरें।
भारतीय मूल के जोहरान ममदानी बने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर
भारतीय मूल के 34 वर्षीय जोहरान ममदानी को मंगलवार को न्यूयॉर्क सिटी का मेयर चुना गया। प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडा के लेखक महमूद ममदानी के पुत्र जोहरान ममदानी ने पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन पार्टी के कर्टिस स्लिवा को हराया है। ममदानी पर अब अमेरिका के सबसे बड़े शहर के कुछ बड़े और महत्वाकांक्षी चुनावी वादों को पूरा करने का दबाव होगा। न्यूयॉर्क के चुनाव बोर्ड के अनुसार, इस चुनाव में 50 से अधिक वर्षों में मेयर पद के लिए सबसे अधिक मतदान हुआ, जिसमें 20 लाख से अधिक न्यूयॉर्क वासियों ने मतदान किया। ममदानी का प्रचार अभियान मंहगाई पर लगाम लगाने पर केंद्रित था।
फिलीपीन में चक्रवात ‘कालमेगी’ के कारण 26 लोगों की मौत
फिलीपीन में चक्रवात ‘कालमेगी’ के कारण कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है। अधिकतर लोगों की जान चक्रवात के चलते आई बाढ़ की वजह से गई। आपदा प्रतिक्रिया विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह चक्रवात मंगलवार को देश के मध्य भाग में तेजी से आगे बढ़ा और व्यापक तबाही मचाई। चक्रवात के चलते बाढ़ के पानी से घिर जाने के बाद कई लोग अपनी-अपनी छतों पर फंसे हुए हैं, जबकि कई कारें पानी में डूब गईं।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार में हर की पौड़ी पर भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालु गंगा नदी में स्नान करने के लिए पहुंचे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तों ने हैदराबाद, तेलंगाना के करमनघाट हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima)का विशेष महत्व है। यह तिथि भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी को समर्पित होती है। इस साल यह तिथि 5 नवंबर को पड़ रही है। इस दिन गंगा स्नान करने और दान देने से शुभ फल की प्राप्ति होती है।
दिल्ली सरकार आज पुराने किले में मनाएगी इंद्रप्रस्थ उत्सव
दिल्ली का नाम बदलकर इंद्रप्रस्थ करने की नए सिरे से उठ रही मांग के बीच, दिल्ली सरकार ने बुधवार को पुराना किला में आयोजित होने वाले एक बड़े कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया है। कुछ लोगों का मानना है कि पुराना किला पांडवों की प्राचीन राजधानी का स्थल है। निमंत्रण में कहा गया है कि पुराना किला (इंद्रप्रस्थ) नई दिल्ली के ऐतिहासिक परिसर में आयोजित विशेष संध्या संगीत, नृत्य और धार्मिकता, संवेदनशीलता और महिला सशक्तिकरण के आदर्शों पर चिंतन के माध्यम से द्वापर युग की भावना को पुनर्जीवित करेगी।
