भाजपा सांसद आर के सिंह ने सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे द्वारा आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी की मदद करने पर असहमति व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी फरार व्यक्ति की मदद करना कानूनी और नैतिक रूप से गलत है।

उन्होंने सरकार से ललित मोदी को कानून का सामना करने के लिए वापस लाने के वास्ते सभी उपाय करने का आग्रह किया।

ललित मोदी प्रकरण में सुषमा स्वराज और वसुंधरा राजे द्वारा आईपीएल के पूर्व प्रमुख की मदद करने के संबंध में आर के सिंह की कड़ी टिप्पणी सत्तारूढ पार्टी की इस विषय पर पहली सख्त सार्वजनिक प्रतिक्रिया है। इस प्रकरण के सामने आने से नरेन्द्र मोदी सरकार को राजनीतिक तूफान का सामना करना पड़ रहा है हालांकि भाजपा ने दोनों नेताओं का बचाव किया है।

पूर्व गृह सचिव सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अगर कोई व्यक्ति किसी भगोडे की मदद करता है, तो यह गलत है। यह कानूनी और नैतिक दोनों तरह से गलत है। अगर कोई किसी फरार व्यक्ति से मिलता है, तब यह पूरी तरह से गलत है। जिसने भी उनकी मदद की, मेरे विचार से यह पूरी तरह से गलत है।’’

आर के सिंह ने कहा कि ललित मोदी न्यायिक वारंट और समन से बचते रहे हैं और वह स्पष्ट रूप से भगोड़े हैं और उनकी किसी भी तरह से मदद करना या उनसे मुलाकात करना ,गलत है।

उन्होंने हालांकि सुषमा या राजे का नाम नहीं लिया।

यह पूछे जाने पर कि क्या ललित मोदी को बचाया जा रहा है, सिंह ने कहा कि संबंधित विभाग अपना काम कर रहे हैं।

भाजपा द्वारा दोनों नेताओं का बचाव किये जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने अपना विचार व्यक्त कर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति का नाम नहीं लेना चाहते हैं।

सिंह ने कहा कि सरकार को दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश के खिलाफ अपील करनी चाहिए जिसमें आईपीएल के पूर्व आयुक्त का पासपोर्ट बहाल कर दिया गया था और अगर जरूरत पड़े तो उनकी सम्पत्ति भी जब्त की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘ उन्हें भारत लाने और कानून के समक्ष पेश करने के लिए सभी कदम उठाये जाने चाहिए।’’