Kerala Panchayat Election 2025: केरल में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना जारी है। राज्य के 1,199 स्थानीय निकायों में 9 और 11 दिसंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था। हालांकि, कन्नूर जिले की मट्टानूर नगरपालिका में इस बार चुनाव नहीं हो पाया, क्योंकि वहां चुनाव सितंबर 2027 में होने हैं।
पहले चरण में 9 दिसंबर को तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम सहित सात जिलों और तीन नगर निगमों के 11,000 से अधिक वार्डों में मतदान कराया गया था। वहीं, दूसरे चरण में 595 स्थानीय निकायों में वोटिंग हुई।
अब तक सामने आ रहे नतीजों में एनडीए के लिए बड़ी खुशखबरी नजर आ रही है। तिरुवनंतपुरम नगर निगम में एनडीए लगातार अपनी बढ़त बनाए हुए है। मौजूदा रुझानों के अनुसार, एनडीए 25 ग्राम पंचायतों और 2 म्युनिसिपल निकायों में आगे चल रही है। अगर भाजपा ने इसी तरह बढ़त बनाए रखी, तो केरल में उसे पहली बार मेयर पद हासिल हो सकता है।
वहीं, इस चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ गठबंधन के लिए भी राहत की खबर है। चाहे नगर निगम, नगर पालिका, जिला पंचायत, ब्लॉक पंचायत या ग्राम पंचायत हों, लगभग हर स्तर पर यूडीएफ ने मजबूत बढ़त बनाई हुई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन चुनावों के अंतिम नतीजों का असर 2026 में होने वाले केरल विधानसभा चुनाव पर भी पड़ सकता है। इससे पहले 2010 और 2015 के स्थानीय निकाय चुनावों में भी जब लेफ्ट गठबंधन के खिलाफ माहौल बना था, तो उसका सीधा असर विधानसभा चुनावों पर पड़ा था। इसका नतीजा यह रहा कि 2011 और 2016 के विधानसभा चुनावों में विपक्ष ने जीत दर्ज की थी।
