नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी सरकार में सचिव स्तर के अधिकारियों के पहले बड़े फेरबदल में वित्त सचिव अरविंद मायाराम को वित्त मंत्रालय से निकाल कर हल्के समझे जाने वाले पर्यटन मंत्रालय में भेज दिया गया है। मायाराम वित्त मंत्रालय के चार सचिवों में सबसे वरिष्ठ थे। उनके पास वित्त व आर्थिक मामलों दोनों का जिम्मा था। उन्हें पिछली सरकार ने नियुक्त किया था और उनके पास 31 अक्तूबर 2015 को सेवानिवृत्त होने से पहले पूरा एक साल का समय बचा है। उन्हें अब पर्यटन सचिव बनाया गया है।

मायाराम की जगह 1978 बैच के ही अधिकारी राजीव महर्षि को नियुक्त किया गया है। महर्षि इस समय राजस्थान के मुख्य सचिव हैं और अगले साल अगस्त के अंत में उनका सेवाकाल पूरा हो जाएगा। इस तरह वित्त मंत्रालय में काम करने के लिए करीब 10 महीने बचे हैं। कुल मिलाकर बुधवार रात 20 नई नियुक्तियां की गईं जिनमें से एक तिहाई सचिव स्तर की हैं।

उत्तर प्रदेश कैडर के 1981 बैच के अनिल स्वरूप को नया कोयला सचिव बनाया गया है। स्वरूप मंत्रिमंडल सचिवालय में काम कर रहे हैं और वे एसके श्रीवास्तव के 31 अक्तूबर को सेवानिवृत्त होने के बाद उनकी जगह लेंगे। वित्त मंत्रालय में इस समय चार सचिव हैं। जो आर्थिक मामलों, व्यय, राजस्व और वित्तीय सेवा विभाग के प्रभारी हैं। चारों में सबसे वरिष्ठ वित्त सचिव होते हैं। फिलहाल रतन पी वटल व्यय सचिव हैं जो 1978 बैच के आंध्र्र प्रदेश से भारतीय प्रशासनिक अधिकारी हैं। जबकि 1980 बैच के राजस्थान कैडर के अधिकारी गुरदयाल सिंह संधू वित्तीय सेवा सचिव हैं। तमिलनाडु कैडर के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक अधिकारी शक्तिकांत दास राजस्व सचिव हैं।

मायाराम का तबादला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से सचिव स्तर पर पहले फेरबदल का हिस्सा है। सिक्किम कैडर के 1977 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आलोक रावत को प्रशासनिक सुधार व सार्वजनिक शिकायत और पेंशन व पेंशनभोगी कल्याण विभाग का नया सचिव बनाया गया है। रावत फिलहाल जल संसाधन, नदी विकास और गंगा पुनर्जीवन मंत्रालय के सचिव हैं। मध्य प्रदेश कैडर के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रभु दयाल मीणा को भूतपूर्व सैनिक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है। मीणा फिलहाल भू-संसाधन विभाग के विशेष सचिव हैं और वे संगीता गैरोला की जगह लेंगे जो इस महीने सेवानिवृत्त होंगी।

उत्तर प्रदेश कैडर के 1981 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनुज कुमार बिश्नोई को जल संसाधन, नदी विकास व गंगा पुनर्जीवन मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। बिश्नोई फिलहाल रक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव हैं। जम्मू-कश्मीर कैडर के 1980 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अशोक कुमार अंगुराना को पंचायती राज मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। अंगुराना फिलहाल जनजातीय मामलों के मंत्रालय के तहत ट्राइफेड के प्रबंध निदेशक हैं।

सरकार ने झारखंड कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विनोद अग्रवाल को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग का सचिव बनाया है। अग्रवाल फिलहाल गृह मंत्रालय के तहत आने वाली अंतरराज्यीय परिषद सचिवालय के सलाहकार के पद पर काम कर रहे हैं।