महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रविवार को कई जगहों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का प्रसारण किया गया, जिनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हुए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मुंबई इकाई ने रविवार को शहर और उपनगरों के 36 विधानसभा क्षेत्रों में 5,000 जगहों पर ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी के प्रसारण की व्यवस्था की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में एक स्थान पर आयोजित प्रसारण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ सुनी।निजी दौरे पर मुंबई पहुंचे शाह ने उपनगरीय विले पार्ले में आयोजित प्रसारण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और फिर कांदिवली के लिए रवाना हुए।
उत्तर-मध्य मुंबई से भाजपा सांसद पूनम महाजन और स्थानीय विधायक पराग अलवानी भी शाह के साथ कार्यक्रम में उपस्थित थे। वहीं भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए नागरिकों से लगातार संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सर्वेक्षण के अनुसार, यह कार्यक्रम लगभग 100 करोड़ श्रोताओं तक पहुंच गया है और इसके लगभग 23 करोड़ नियमित श्रोता हैं।
इस बीच राजभवन में ‘मन की बात’ की प्रसारण के मौके पर महाराष्ट्र के राज्यपाल रमेश बैस ने कहा, स्वामी विवेकानंद की तरह प्रधानमंत्री ने अपने ‘मन की बात’ संबोधन के माध्यम से भारत के प्रति दुनिया की धारणा को बदल दिया है। बैस ने कहा कि भारत के लोग अब अपने भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं।
इस अवसर पर पद्म पुरस्कार विजेता पोपटराव पवार, मिलिंद कांबले, डा शशांक जोशी, डा कीकी मेहता और मन की बात के विभिन्न कड़ी में उल्लेखित अन्य लोग भी उपस्थित थे। फिल्म उद्योग का प्रतिनिधित्व अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, शाहिद कपूर, शैलेश लोढ़ा, प्रसाद ओक, प्रसिद्ध गायिका अनुराधा पौडवाल, सोनू निगम, फिल्म निर्माता एकता कपूर, रोहित शेट्टी सहित अन्य ने किया।
उधर पणजी में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम ‘मन की बात’ देश को नई दिशा दिखा रहा है। सावंत प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी के मौके पर अपने विधानसभा क्षेत्र संखालिम में एक सभा को संबोधित कर रहे थे सावंत ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के कारण देश ने एक बड़ा बदलाव देखा है।
उन्होंने कहा, राजनीतिक और धार्मिक क्षेत्र के लोग इस शृंखला का अनुसरण कर रहे हैं, जो हमारे देश को एक नई दिशा दिखा रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई के अध्यक्ष सदानंद शेत तनावडे ने राज्य की राजधानी पणजी में भाजपा द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में ‘मन की बात’ के प्रसारण में भाग लिया।
