उत्तरप्रदेश के बरेली से एक अधेड़ की हत्या का मामला सामने आया है। हालाँकि पुलिस को अधेड़ के बारे में एक अनूठी जानकारी मिली है। जानकारी के अनुसार अधेड़ ने अब तक दस शादियाँ की थी और उसकी तीन बीबी किसी अन्य के साथ भाग चुकी है। पुलिस अधेड़ की हत्या को संपत्ति विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। अधेड़ का शव बीते बुधवार को उसके अपने ही खेत में मिला था।
बरेली पुलिस के द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार मांडा गाँव निवासी जगनलाल ने कुल दस शादियाँ की थी जिसमें से उसकी पांच पत्नियों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा उसकी तीन पत्नी घर छोड़ कर किसी और के साथ भाग गयी है। हालाँकि वर्तमान में जगनलाल दो बीवियों के साथ रहता था और उसकी दोनों बीवियां मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली है।
बरेली पुलिस को जगनलाल का शव बीते बुधवार को उसके अपने में ही खेत में मिला था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार को घर से खाना खाने के बाद बाहर घुमने के लिए निकले थे लेकिन जब देर रात तक वह घर नहीं लौटे तो उनकी खोजबीन शुरू की गयी। बाद में बुधवार को दोपहर में उनका शव खेत में मिला और उनके गले में मफलर का फंदा कसा हुआ था। स्थानीय थाना ने जगनलाल की हत्या के मामले में एक एफआईआर दर्ज कर लिया है और जांच भी की जा रही है।
हालाँकि पुलिस को इस मामले में जमीन विवाद की बू आ रही है. पुलिस के अनुसार मृतक दो भाई था। वर्ष 1999 में मृतक के पिता ने उसके बार बार शादी करने के फैसले से नाखुश होकर सारी जमीन अपने बड़े बेटे के नाम कर दी थी। लेकिन बाद में पंचायत के हस्तक्षेप के बाद मृतक को 14 बीघे जमीन दे दी गयी थी। इस जमीन को मृतक अधेड़ उसकी सेवा कर रहे एक 24 वर्षीय लड़के को देना चाहता था। इसलिए पुलिस को अंदेशा है कि जमीन विवाद में ही जगनलाल की हत्या हुई हो।
पुलिस ने इस मामले की जाँच के लिए मृतक के सभी रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस ने कहा है कि हम दर्ज किये गए बयानों के आधार पर भी जांच कर रहे हैं और साथ ही यह शक भी है कि मृतक जगनलाल की हत्या के पीछे उनके ही किसी परिचित का हाथ हो।