Farmers Protest: खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू हरियाणा बार्डर पर डटे किसानों को उकसाने का काम कर रहा है। उसने किसानों की सरकार से वार्ता से पहले एक वीडियो जारी कर कहा कि करतारपुर सीमा पर हथियार उपलब्ध हैं। उससे पंजाब और हरियाणा की पुलिस पर हमला कर दो। हालांकि, पुलिस की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल किसानों ने दिल्ली कूच को दो दिन के लिए टाल दिया है।

न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक,पन्नू ने रविवार को एक वीडियो जारी कर हरियाणा के साथ पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बार्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों से करतारपुर सीमा पर मौजूद हथियारों का इस्तेमाल करके पुलिस अधिकारियों पर हमला करने का आग्रह किया। साथ ही, उसने कहा अपनी मांगों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाए।

किसानों को भड़काने की साजिश

रिपोर्ट के मुताबिक, यह किसानों को भड़काने की साजिश है। किसानों का प्रदर्शन करना उनका अधिकार है। कोई भी किसान संगठन एसएफजे की बात नहीं सुनेगा। केंद्र सरकार किसानों की सभी समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है और बातचीत जारी है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पीयूष गोयल और नित्यानंद राय ने रविवार को किसान नेताओं से चंडीगढ़ में चौथे दौर की वार्ता की थी। इस दौरान काफी सकारात्मक बातचीत हुई है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मीटिंग खत्म होने के बाद कहा कि सरकार ने सहकारी समितियों और नेफेड को एमएसपी पर दालें खरीदने के लिए किसानों के साथ पांच साल का समझौता करने का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा भारतीय कपास निगम ने कपास की फसल खरीदने के लिए किसानों से पांच साल का समझौता करने का प्रस्ताव पेश किया है।

क्या है किसानों का रुख

चौथे दौर की वार्ता के बाद पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि किसान 21 फरवरी को ‘दिल्ली चलो’ मार्च के साथ आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की तरफ से जो प्रस्ताव दिया गया है उस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आगे कहा कि अन्य किसान संगठनों से दो दिन बातचीत की जाएगी। इसके बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल किसानों को दिल्ली कूच करने से पुलिस ने रोक दिया है।