भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को पंजाब पुलिस ने बग्गा को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर दावा किया कि तजिंदरपाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार किया है।

भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर कपिल मिश्रा ने कहा, “तजिंदर बग्गा को पंजाब पुलिस के 50 जवान घर से गिरफ्तार करके ले गए। तजिंदरपाल सिंह बग्गा एक सच्चा सरदार है उसे ऐसी हरकतों से ना डराया जा सकता है, ना कमजोर किया जा सकता, एक सच्चे सरदार से इतना डर क्यों?”

वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रशांत उमराव ने ट्वीट कर कहा, “भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के 50 जवान उनके घर आए और स्थानीय पुलिस को बताए बिना एक आतंकवादी की तरह बग्गा को गिरफ्तार कर ले गए।” बग्गा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी और पंजाब की भगवंत मान सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा के पिता प्रीतपाल सिंह बग्गा ने कहा, “आज सुबह 10-15 पुलिसकर्मी हमारे घर आए और तजिंदर को घसीटकर बाहर ले गए। जब मैंने घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना मोबाइल फोन उठाया, तो पुलिस मुझे दूसरे कमरे में ले गई और मेरे चेहरे पर मुक्का मारा।”

वहीं, दिल्ली के उत्तम नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बाल्यान ने बग्गा की गिरफ्तारी को लेकर ट्वीट करते हुए उनपर निशाना साधा। आप विधायक ने ट्वीट किया, “लुच्चे-लफ़ंगो की पार्टी भाजपा नेता तजिंदरपाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिया था “जीने नही देंगे” की धमकी।”

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को लेकर विवादित टिप्पणी करने के मामले में पंजाब पुलिस ने तजिंदरपाल सिंह बग्गा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। केस दर्ज करने के बाद पंजाब पुलिस बग्गा की तलाश में थी। इसके पहले भी पंजाब पुलिस की टीम दिल्ली आई थी, लेकिन उसे बैरंग लौटना पड़ा था।

‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर सीएम केजरीवाल की टिप्पणी के बाद बग्गा ने उन पर निशाना साधा था। आरोप है कि अरविंद केजरीवाल पर तजिंदरपाल सिंह बग्गा ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसी मामले में पंजाब पुलिस ने भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।