पूर्व सहयोगी शिवसेना के साथ दोस्ती के संकेतों के बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नीत मंत्रिपरिषद का पांच दिसंबर को विस्तार होगा। शपथ ग्रहण समारोह में करीब 20 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है और इनमें से आधे सदस्य शिवसेना के हो सकते हैं। समारोह विधान भवन परिसर में सुबह दस बजे से आयोजित होगा।
फडणवीस ने मंगलवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की थी और माना जाता है कि उन्हें मंत्रिपरिषद विस्तार में भाजपा के संभावितों के लिए मंजूरी मिली है। भाजपा की तरफ से संभावितों में वरिष्ठ विधायकों गिरीश बापट (पुणे), गिरीश महाजन (जलगांव) और मराठवाड़ा के बबनराव लोनीकर और संभाजी पाटिल नीलांगेकर शामिल हैं।
संजय कुटे, चैनसुख सांचेती (दोनों बुल्धाना), सीमा हीरे और देवयानी फरांडे (दोनों नासिक), जयकुमार रावल (धूले), गोवर्धन शर्मा (अकोला), मदन येरावर (यवतमाल) और राम शिंदे के नामों की भी चर्चा है।
मुंबई से, मालाबार हिल्स के विधायक मंगल प्रभात लोधा और कोलाबा के विधायक राज पुरोहित और बांद्रा के विधायक आशीष शेलार को शामिल करने की अटकलें हैं।